We dont want son like this if he guilty police should just shoot him directly says father following Tushar arrest हमें ऐसा बेटा नहीं चाहिए, दोषी है तो पुलिस सीधे मार दे गोली, तुषार की गिरफ्तारी पर बोले पिता, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हमें ऐसा बेटा नहीं चाहिए, दोषी है तो पुलिस सीधे मार दे गोली, तुषार की गिरफ्तारी पर बोले पिता

मेरठ के तुषार को आतंकी कनेक्शन में एटीएस ने गिरफ्तार दिखाया था। दूसरी ओर, तुषार के पिता शैलेंद्र चौहान और मां रितु चौहान ने मीडिया को बताया कि तुषार मानसिक रोगी है और 10 साल की उम्र से उसका उपचार चल रहा है।

Sat, 25 April 2026 03:22 PMDinesh Rathour मेरठ, प्रमुख संवाददाता
share
हमें ऐसा बेटा नहीं चाहिए, दोषी है तो पुलिस सीधे मार दे गोली, तुषार की गिरफ्तारी पर बोले पिता

Meerut News: दो दिन पहले यूपी एटीएस ने आतंकी कनेक्शन के चलते मेरठ के रहने वाले तुषार को गिरफ्तार किया है। हालांकि तुषार के परिजनों ने उसे मानसिक रोगी बताते हुए उसका बचाव भी किया। तुषार के पिता शैलेंद्र चौहान और मां रितु चौहान ने मीडिया को बताया कि तुषार मानसिक रोगी है और 10 साल की उम्र से उसका उपचार चल रहा है। पांच माह पूर्व तुषार ने मुस्लिम धर्म को लेकर कोई कमेंट किया था, जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी को लेकर तुषार को फंसाया गया है। तुषार के पिता ने पाकिस्तान के नंबर पर बातचीत होने की बात कबूली है। शैलेंद्र चौहान ने साफ कहा कि बेटा दोषी है तो पुलिस सीधे गोली मार दे, हमें ऐसा बेटा नहीं चाहिए लेकिन पुलिस ये भी देखे कि तुषार मानसिक रूप से बीमार है।

शैलेंद्र चौहान ने बताया कि उनके पिता गोवर्धन सिंह आजाद हिंद फौज में सिपाही थे और स्वतंत्रता सेनानी थे। परिवार के कई लोग बार्डर पर देश की रक्षा कर रहे हैं। कहा कि बेटा तुषार मानसिक बीमार है और उसे कंडक्ट डिसऑर्डर (आचरण विकार यानी बच्चों और किशोरों में होने वाली एक गंभीर व्यवहारिक और मानसिक स्वास्थ्य समस्या,जो आक्रामक व्यवहार, झूठ बोलने, चोरी करने और नियम तोड़ने के रूप में सामने आती है) है। बताया कि इसका उपचार देहरादून, दिल्ली और मेरठ में चला है और सारे दस्तावेज हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दादा रहे आजाद हिंद फौज में सिपाही, एटीएस ने तुषार को आतंकी कनेक्शन में पकड़ा

डिलीवरी एजेंट बनकर एटीएस ने तुषार से लिया था पता

उन्होंने कहा, 20 अप्रैल को एटीएस टीम ने तुषार के मोबाइल पर कॉल किया और डिलीवरी एजेंट बनकर पता लिया। इसके बाद तुषार को घर से पूछताछ की बात कहकर उठाकर ले गए। उस समय तुषार के पास पिस्टल नहीं थी। बताया कि तुषार का न तो कोई बैंक खाता है और न ही वह घर से बाहर जाता है। ऐसे में रेकी करने या पाकिस्तान से पैसा मंगवाने का सवाल ही नहीं है। बताया कि कुछ समय पूर्व तुषार इंस्टाग्राम पर किसी से बातचीत करता था। पूछने पर बताया कि पाकिस्तानी सेना में अफसर है और दोस्त है। तुषार को बताया था कि पाकिस्तान दुश्मन देश है और इन लोगों से बातचीत नहीं करनी चाहिए। इसके बाद ही तुषार ने नंबर ब्लॉक कर दिया था। शैलेंद्र चौहान ने कहा कि तुषार के धर्मांतरण करने का कोई साक्ष्य नहीं है। कहा कि तुषार यदि जांच में दोषी मिलता है तो पुलिस उसे सीधे गोली मार दे। हम देशभक्त और स्वतंत्रता सेनानी के परिवार से हैं और ऐसा बेटा नहीं चाहिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ISI और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के लिए काम कर रहे दो आतंकी गिरफ्तार

मां बोली, ऐसा बेटा होने से न होना अच्छा

तुषार की मां रितु चौहान ने बताया कि तुषार मानसिक रूप से बीमार है। उसने कुछ माह पूर्व मुस्लिम धर्म को लेकर कमेंट किया था, जिसके बाद मुकदमा हुआ और उसे गिरफ्तार किया गया था। आरोप लगाया कि इसलिए ही तुषार को फंसाया गया है। बताया कि उन्हें स्तन कैंसर है, इसलिए दो माह पूर्व नौकरी छोड़कर घर आ गई थीं। तुषार की बीमारी के कारण उसके साथ परिवार का एक सदस्य घर पर ही रहता है। तुषार पबजी खेलता था और बच्चों वाले डोरेमोन कार्टून देखता था। इस मामले में साजिश और तुषार को फंसाने के एंगल पर भी जांच होनी चाहिए। यदि तुषार दोषी है तो हम अपने देश को चुनेंगे, बेटे को नहीं। तुषार ने यदि देश के खिलाफ कुछ किया है तो ऐसा बेटा होने से न होना अच्छा है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।