यूपी कॉलेज हत्याकांड: पिटाई से गुस्से में था मंजीत, भदोही से खरीदी पिस्टल से सूर्य प्रताप बरसाईं गोलियां
पूछताछ में मंजीत ने बताया कि सुबह सूर्य प्रताप सिंह ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की थी। हाथ के कड़े से उसके सिर पर मार दिया। पुलिस की पूछताछ में बताया कि वर्चस्व को लेकर दोनों में मारपीट होती थी।

वाराणसी के यूपी कॉलेज में शुक्रवार सुबह बीएससी के छात्र को गोलियों से भून दिया गया। वारदात के बाद उग्र प्रदर्शन और तोड़फोड़ हुई। शिवपुर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। देर शाम मुख्य आरोपी मंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। एसओजी टीम और शिवपुर पुलिस ने आरोपी मंजीत सिंह चौहान को सेंट्रल जेल रोड से पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि सुबह सूर्य प्रताप सिंह ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की थी। हाथ के कड़े से उसके सिर पर मार दिया। पुलिस की पूछताछ में बताया कि वर्चस्व को लेकर दोनों में मारपीट होती थी। सूर्य प्रताप सिंह का हॉस्टल के लड़कों से दोस्ती थी। वह जब भी मंजीत को अकेले देखता था, अपने साथियों के साथ मिलकर पीट देता था।
सूर्य प्रताप और मंजीत में अक्सर होती थी लड़ाई
स्थानीय होने के नाते मंजीत लोकल लड़कों के साथ गैंग बनाकर मनबढ़ई करता था। मंजीत भी सूर्य प्रताप सिंह को अकेले देखकर हमला कर देता था। दोनों गुटों मे अक्सर मारपीट होती थी। घटना की सुबह भी मारपीट हुई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि सुबह सूर्य प्रताप सिंह ने साथियों के साथ कॉलेज में हमला कर दिया। इसके बाद मंजीत बाहर निकला और अपने दोस्तों को बुलाया। पास के शराब ठेके पर आने के लिए कहा। दोस्तों के नहीं पहुंचने पर अकेले ही ठेके पर पहुंचा। शराब पी। इसके बाद घर से पिस्टल लिया। अकेले कॉलेज पहुंचा। इस दौरान सूर्य और उसके दोस्त कमरा नंबर आठ में थे। वहां मंजीत को देखकर शर्ट की बांह मोड़ने और घूरने को लेकर टोका। इसके बाद मंजीत ने असलहा लेकर उसे दौड़ा लिया। संकाय के गेट पर पहुंचाते ही गोली मार दी।
भदोही से खरीदी थी पिस्टल
मंजीत ने दो साल पहले भदोही से अवैध पिस्टल खरीदी थी। अक्सर ही पिस्टल दिखाकर दूसरों को धमकाता था। पुलिस असलहा बेचने वाले के बारे में जानकारी ले रही है। दूसरे आरोपी अनुज सिंह की तलाश की जा रही है। अनुज भी मंजीत के साथ ही रहता था। दोनों एक ही बाइक से आते-जाते थे। सूर्य के शव का पोस्टमार्टम बीएचयू में हुआ। परिजन और छात्र शव गांव ले जाने की बात कह गिलट बाजार चौराहा पहुंच गए। शव रखकर जाम लगाने की कोशिश की। मौके पर पुलिस बल लगाकर रोका गया। कड़ी सुरक्षा में शव हरिश्चन्द्र घाट पर भेजा गया।
बीएससी का छात्र था सूर्य प्रताप
गाजीपुर के रामपुर माझा क्षेत्र के दुबैथा निवासी सूर्य प्रताप सिंह बीएससी (मैथ) चतुर्थ सेमेस्टर का छात्र था। उदय प्रताप कॉलेज में इन दिनों सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। सूर्य प्रताप को चेचक हुआ था। करीब 15 दिन से वह कॉलेज नहीं आ रहा था। रैगिंग के आरोप में पूछताछ को सूर्य को कॉलेज प्रशासन की ओर से शुक्रवार को बुलाया गया था।




साइन इन