varanasi thar accident mother daughter dead bhullanpur six lane थार ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, मां-बेटी की मौत; खुशियों वाले घर में पसरा मातम, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

थार ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, मां-बेटी की मौत; खुशियों वाले घर में पसरा मातम

वाराणसी के लहरतारा-मोहनसराय सिक्स लेन पर तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। बाइक थार में फंसकर 100 मीटर तक घसीटती गई, जिससे सोनी राजभर और उनकी बेटी आराध्या की मौत हो गई। घायल देवर मनीष की हालत गंभीर है।

Mon, 11 May 2026 02:27 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
थार ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, मां-बेटी की मौत; खुशियों वाले घर में पसरा मातम

वाराणसी में लहरतारा-मोहनसराय सिक्स लेन पर रविवार देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। तेज रफ्तार थार जीप ने बाइक सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक थार के अगले हिस्से में फंस गई और चालक उसे करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस हृदयविदारक घटना में मां और उसकी 4 वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतका का देवर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। तीनों रिंग सेरेमनी से लौट रहे थे।

मिर्जामुराद के बेनीपुर निवासी सोनी राजभर (26) अपने देवर मनीष राजभर और मासूम बेटी आराध्या के साथ मढ़ौली गांव में एक रिश्तेदार की रिंग सेरेमनी में शामिल होने गई थीं। रात करीब 11:30 बजे जब तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी भुल्लनपुर के पास काल बनकर आई थार जीप ने उन्हें रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि चालक नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक सवारों को कुचलने के बाद भी वाहन नहीं रोका।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चलती ट्रेन में 24 घंटे में दूसरी हत्या; एक ही जिले में लगातार दो दिन वारदात

दुबई में काम करता है पति

मृतका सोनी का पति मनोज राजभर परिवार के बेहतर भविष्य के लिए दुबई में रहकर काम करता है। घर पर पत्नी और चहेती बेटी आराध्या की एक साथ मौत की खबर मिलते ही दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, गंभीर रूप से घायल मनीष राजभर की शादी महज 15 दिन पहले हुई थी। घर में अभी शादी की खुशियां और रस्में पूरी भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मनीष का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

ग्रामीणों का प्रदर्शन और तनाव

हादसे के बाद चालक थार छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बेनीपुर गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। तनाव बढ़ता देख एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और मंडुवाडीह थाने की भारी फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर देर रात ग्रामीणों को शांत कराया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला ने योगी से की मुलाकात, सियासी हलके में क्या चर्चाएं?
ये भी पढ़ें:शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में यूपी में ऐक्शन, शूटर अयोध्या से गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई

डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि थार जीप को कब्जे में ले लिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।