chandauli railway double murder jammu tawi express tarighat passenger train crime यूपी में चलती ट्रेन में 24 घंटे में दूसरी हत्या; एक ही जिले में लगातार दो दिन वारदातों से सनसनी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में चलती ट्रेन में 24 घंटे में दूसरी हत्या; एक ही जिले में लगातार दो दिन वारदातों से सनसनी

यूपी के चंदौली जिले में 24 घंटे के भीतर चलती ट्रेनों में दो हत्याओं से सनसनी फैल गई है। पहली घटना तारीघाट पैसेंजर में हुई जहां युवक को गोली मारकर शव नीचे फेंक दिया गया।  दूसरी वारदात कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में हुई।

Mon, 11 May 2026 01:54 PMYogesh Yadav पीडीडीयू नगर (चंदौली), संवाददाता
share
यूपी में चलती ट्रेन में 24 घंटे में दूसरी हत्या; एक ही जिले में लगातार दो दिन वारदातों से सनसनी

उत्तर प्रदेश में रेल यात्रा अब खौफनाक होती जा रही है। चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) जंक्शन के दायरे में 24 घंटे के भीतर चलती ट्रेनों में हत्या की दो बड़ी वारदातों ने रेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। रविवार सुबह पैसेंजर ट्रेन में युवक की हत्या के बाद, रविवार की ही देर रात कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में एक अन्य यात्री को सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। एक ही जिले में लगातार दो दिन हुई इन दुस्साहसिक वारदातों से यात्रियों में दहशत का माहौल है और पुलिस 'साइको किलर' या 'प्रोफेशनल गैंग' के कोण से जांच कर रही है।

जम्मूतवी एक्सप्रेस के कोच में यात्री के सिर में दागी गोली

रविवार की देर रात करीब पौने दो बजे कोलकाता से जम्मू जा रही 13151 कोलकाता एक्सप्रेस में बिहार के गया निवासी 40 वर्षीय दिनेश शाह की हत्या कर दी गई। दिनेश शाह अपने परिवार के साथ गया से शाहपुर जाने के लिए एस-2 कोच में सवार हुए थे। ट्रेन जैसे ही पीडीडीयू जंक्शन से आगे बढ़कर व्यास नगर स्टेशन के पास ब्लॉक हट 'बी' के समीप पहुंची, बाथरूम के पास खड़े दिनेश शाह के सिर में एक बदमाश ने बेहद करीब से गोली मार दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में यूपी में ऐक्शन, शूटर अयोध्या से गिरफ्तार

वारदात को अंजाम देकर बदमाश ट्रेन धीमी होते ही अंधेरे का फायदा उठाकर कूदकर भाग निकला। जब ट्रेन वाराणसी स्टेशन पहुंची, तब जीआरपी ने शव को कब्जे में लिया। जीआरपी एसपी प्रशांत कुमार वर्मा के अनुसार, हमलावर 'साइको किलर' भी हो सकता है।

तारीघाट पैसेंजर में हत्या कर पटरी पर फेंका शव

इससे पहले, रविवार की सुबह करीब सात बजे पीडीडीयू जंक्शन से तारीघाट जा रही डाउन पैसेंजर ट्रेन में बदमाशों ने आतंक मचाया। ट्रेन जैसे ही सकलडीहा कोतवाली के दरियापुर गांव के पास पहुंची, बदमाशों ने एक 35 वर्षीय युवक को गोली मार दी। हत्या करने के बाद बदमाशों ने शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया और सकलडीहा स्टेशन के पास ट्रेन धीमी होते ही फरार हो गए।

सूचना मिलते ही जीआरपी, स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। मृतक के सिर के बाईं तरफ गोली के निशान मिले। पुलिस इस मामले में शराब तस्करी और आपसी रंजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मारे गए युवक की पहचान मंगरू के रूप में हुई। गाजीपुर जिले के जमानियां थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ले का रहने वाला मंगरू राम पीडीडीयू जंक्शन से ट्रेन पकड़कर घर जा रहा था। जीआरपी के अनुसार मंगरू मजदूरी करता था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अस्पताल में घुसकर इलाज करा रही महिला को गोली से उड़ाया,दिनदहाड़े वारदात से सनसनी
ये भी पढ़ें:मां को आपत्तिजनक हाल में देख बौखलाया बेटा, ईंट-चापड़ से युवक को उतारा मौत के घाट

जांच के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था

24 घंटे के भीतर एक ही रूट और एक ही जिले में चलती ट्रेन में दो हत्याओं ने जीआरपी और आरपीएफ की गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सूत्रों का मानना है कि दोनों वारदातों के पीछे किसी एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है, जो ट्रेन धीमी होने वाले स्थानों (ब्लॉक हट) को निशाना बना रहे हैं। फिलहाल क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।