आधी रात भतीजी के कमरे में पकड़ाया चाचा, भोर में दोनों घर से फरार, आहत पिता ने खाया जहर
यूपी के शाहजहांपुर में एक सगा चाचा अपनी 16 वर्षीय भतीजी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। घटना से पहले वह आधी रात को किशोरी के साथ कमरे में पकड़ा गया था। इस शर्मनाक घटना और बदनामी से आहत होकर किशोरी के पिता ने जहर खा लिया, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के खुटार कस्बे में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है। यहां एक सगा चाचा ही अपनी 16 साल की भतीजी के कमरे में आधी रात पकड़ा गया। इससे पहले कि सबेरे बखेड़ा होता भोर में ही नाबालिग भतीजी को लेकर चाचा फरार हो गया। लोक-लाज और सगे भाई की इस करतूत से आहत किशोरी के पिता ने विषाक्त पदार्थ (जहर) खाकर जान देने की कोशिश की। गंभीर हालत में पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किशोरी के भगा ले जाने की शिकायत मिलते ही पुलिस भी एक्टिव हुई और भतीजी को बरामद कर लिया है। चाचा की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच में पुलिस जुटी है।
आधीर रात तख्त के नीचे छिपा मिला सगा चाचा
घटना शनिवार रात की है, जब पूरा परिवार घर में सो रहा था। किशोरी के पिता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे उसकी पत्नी की अचानक नींद खुली। कमरे में रोशनी हुई तो उसने देखा कि उसकी 16 वर्षीय बेटी तख्त पर बैठी हुई थी और गुनगुना रही थी। आधी रात को बेटी के इस व्यवहार पर मां को शक हुआ। जब पति-पत्नी ने मिलकर कमरे की तलाशी ली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। तख्त के नीचे किशोरी का सगा चाचा (पिता का सगा भाई) छिपा था। परिजनों ने जब उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो वह उन्हें धक्का देकर और हाथ छुड़ाकर मौके से फरार हो गया।
भोर होते ही बेटी भी हुई लापता
आधी रात के इस हंगामे के बाद घर में तनाव का माहौल था। परिजन बेटी को समझाने की कोशिश कर ही रहे थे कि भोर में करीब 4 बजे मौका पाकर किशोरी भी घर से लापता हो गई। सुबह जब खोजबीन शुरू हुई तो पता चला कि आरोपी चाचा भी अपने घर से नदारद है। परिजनों को समझते देर नहीं लगी कि चाचा ही अपनी भतीजी को भगा ले गया है। आनन-फानन में पीड़ित पिता ने खुटार थाने पहुंचकर अपने सगे भाई के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
पिता ने उठाया आत्मघाती कदम
एक तरफ जहां पुलिस और सर्विलांस टीम सक्रिय हुई, वहीं दूसरी ओर सगे भाई द्वारा बेटी को ले जाने के कलंक को पिता बर्दाश्त नहीं कर सका। समाज में बदनामी और अपनों के विश्वासघात से आहत होकर पिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
किशोरी बरामद, पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस की सक्रियता के चलते देर शाम किशोरी को बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब किशोरी के बयान दर्ज कराने और उसका मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी चाचा की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इस घटना ने पूरे कस्बे को झकझोर कर रख दिया है और लोग खून के रिश्तों पर उठे इस सवालिया निशान की चर्चा कर रहे हैं।




साइन इन