शिवभक्ति में रमीं उजमा खान, मुराद पूरी हुई तो कांवड़ यात्रा लेकर निकलीं; हिंदू लड़के से करने वाली हैं शादी
शिव भक्त बनी उजमा खान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर होकर कांवड़ यात्रा में शामिल हुईं। अपनी मुराद पूरी होने पर उन्होंने महादेव की कांवड़ कंधे पर उठा ली। उनका कहना है कि वह पिछले चार साल से अपने हिंदू प्रेमी लोकेंद्र के साथ रह रही हैं और जल्द ही उनसे विवाह करके हिंदू धर्म अपनाने वाली हैं।

Mahashivratri 2026: महाशिवरात्रि पर यूपी के बुलंदशहर से उजमा खान नाम की एक मुस्लिम महिला की कांवड़ यात्रा की तस्वीरें सामने आई हैं। उजमा खान शिव भक्ति में पूरी तरह रमी दिख रही हैं। हाथ में गंगा जल लिए हर-हर महादेव का जयघोष करती आगे बढ़ रहीं उजमा खान का कहना है कि उनकी मुराद पूरी हुई है और इसी वजह से वह महादेव की कावंड़ लेकर निकली हैं। बुलंदशहर के अनूपशहर से कांवड़ में गंगाजल उठाकर भोले के बोल बम के जयकारों के साथ जा रहीं उजमा खान गौतमबुद्धनगर के रबूपुरा क्षेत्र के भोले भाईपुर भोले मंदिर में भोले का जलाभिषेक करेंगी।
शिव भक्त बनी उजमा खान ने भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर होकर कांवड़ यात्रा में भाग लिया और अपनी मुराद पूरी होने पर महादेव की कांवड़ कंधे पर उठा ली। उनका कहना है कि वह पिछले चार साल से अपने हिंदू प्रेमी लोकेंद्र के साथ रह रही हैं और जल्द ही उनसे विवाह करके हिंदू धर्म अपनाने वाली हैं। सुरक्षा की दृष्टि से भोले की कांवड़ ला रही उजमा के साथ बजरंग दल के लोग भी रहे। उजमा खान को कोई दिक्कत ना आए इसका ख्याल रखा जा रहा है। उजमा खान का कहना है कि उन्होंने भोले बाबा से मुराद मांगी थी। वह भोले बाबा में आस्था रखती हैं और हिंदू धर्म अपना रही हैं। उजमा के मुताबिक उनकी मुराद पूरी हुई है तो वह भोले बाबा की कांवड़ लेकर अनूपशहर से चली हैं और रबूपुरा के भोले भाईपुर में भोले का जलाभिषेक करेंगी। बुलंदशहर पहुंचने पर लोगों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया।
पुलिस भी अलर्ट पर
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस भी अलर्ट पर है। इस दौरान कांवड़ लेकर निकलीं उजमा खान की सुरक्षा का खास ख्याल रखा जा रहा है। उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
भोले के जय घोष से गूंज उठी छोटी काशी
महाशिवरात्रि पर छोटी काशी भोले की बम, भारत माता की जय के जयघोष के साथ भक्ति में रंगी हुई हैं। हजारों कांवड़िया भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ों में गंगाजल भरकर गंतव्य को कूच कर रहे हैं। महाशिवरात्रि पर्व पर कांवड़ियों में भगवान शिव के प्रति अनन्य भक्ति का अद्भुत नजारा छोटी काशी में दिखाई दे रहा है। महाशिवरात्रि से एक दिन पहले सुबह से ही हजारों शिवभक्त नगर के परशुराम घाट, त्रिवेणी घाट, शिव स्वरूप घाट तथा बाबा मस्तराम घाट पर पहुंचकर गंगा स्नान कर घाटों पर स्थित शिवालयों में भगवान शिव की पूजा करते नजर आए।
रंग-बिरंगी, सुंदर-सुंदर कांवड़ों में गंगाजल भरकर कांवड़ियों के जत्थे भोले की बम, हर-हर महादेव, भारत माता की जयघोष से साथ तेज गति पैरों में बंधे घुंघरू की छन-छन धुन के साथ से अपने गंतव्य को कूच कर रहे हैं। हजारों कांवड़ियों के कंधों पर सुशोभित रंग-बिरंगी कांवड़ों और शिव के जयकारों से आस्था की नगरी शिवमय हो गई है। स्नान के दौरान डूबने जैसी घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। उधर, बुलंदशहर के अहार क्षेत्र में स्थित महाभारतकालीन अंबकेश्वर महादेव मंदिर पर भी महाशिवरात्रि से एक दिन पूर्व ही कांवड़ियों द्वारा जलाभिषेक शुरू कर दिया गया। हजारों कांवड़ियों ने अंबकेश्वर महादेव मंदिर पर हरिद्वार से गंगाजल लाकर जलाभिषेक किया। कांवड़िए जलाभिषेक कर अपने घरों को प्रस्थान कर रहे हैं। सुरक्षा के हिसाब से कांवड़ मार्ग पर पुलिस बल तैनात है।




साइन इन