शाहजहांपुर में आंबेडकर प्रतिमा तोड़ने पर हंगामा, पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा, भारी संख्या फोर्स तैनात
यूपी के शाहजहांपुर में माहौल खराब करने की कोशिश की गई। किसी शरारती तत्व ने बाबा साहब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया जिससे गांव में हंगामा हो गया। पुलिस ने भीड़ को लाठियों से खदेड़ा।

Shahajahanpur News: यूपी में गाजियाबाद के अब शाहजहांपुर में माहौल खराब करने की कोशिश का मामला सामने आया है। यहां शरारती तत्वों द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा को तोड़ दिया गया, जिससे हंगामा हो गया। गांव में बाबा साहब की प्रतिमा तोड़ने के विरोध में ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठियां भांजकर भगाया। फिलहाल माहौल को देखते हुए गांव में फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
ग्राम पंचायत नगला तालुका खंडहर के गांव राजपुर नगला में 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के मौके पर ग्रामीणों ने ग्राम समाज की जमीन पर प्रतिमा स्थापित की थी। आरोप है कि इसके लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। स्थापना के बाद गांव में कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। शनिवार रात करीब नौ बजे कुछ अराजक तत्वों ने प्रतिमा की उंगली और हाथ में पकड़ी पुस्तक को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो प्रतिमा लगाने को लेकर सवाल उठाए गए, जिस पर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया।
आरोप है कि पुलिस ने प्रतिमा तोड़ने वालों की तलाश करने के बजाय बिना अनुमति स्थापना को लेकर कार्रवाई शुरू की। जिससे विवाद बढ़ गया। ग्रामीणों और पुलिस के बीच नोकझोंक के बाद स्थिति बिगड़ने लगी। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए लाठियां फटकारी। इस दौरान कुछ ग्रामीणों और एक पुलिसकर्मी के घायल होने की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने गंभीर चोट से इनकार किया है। स्थिति को संभालने के लिए एसडीएम प्रभात राय, तहसीलदार और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने देर रात प्रतिमा को हटवाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
कुछ लोगों को लिया हिरासत में, पुलिस का इनकार
ग्रामीणों का कहना है कि प्रतिमा पूरे गांव की सहमति से स्थापित की गई थी और उसे हटाना गलत है। साथ ही उन्होंने प्रतिमा को दोबारा स्थापित करने और तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने का मामला सामने आया है। इसमें ग्राम प्रधान समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। हालांकि थाना प्रभारी राजीव तोमर ने कहा कि किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।
एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे ने बताया, जलालाबाद के गांव में प्रधान अवनीश यादव ने राजनीतिक लाभ के लिए एक महापुरुष की प्रतिमा बिना अनुमति के लगाई थी। जानकारी के बाद पुलिस पहुंची और शांतिपूर्ण तरीके से ग्रामीणों को समझाकर प्रतिमा को हटवा दिया गया। प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
गाजियाबाद में क्षतिग्रस्त मिली बाबा साहब की प्रतिमा
गाजियाबाद में शरारती तत्वों ने लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी कॉलोनी स्थित बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तोड़ दी। रविवार सुबह इसकी जानकारी होने परे ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया और हाईवे पर जाम लगा दिया। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। इस मामले में पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार लोनी की इंद्रापुरी कॉलोनी में बाबा साहब की प्रतिमा लगी है। लोगों के मुताबिक रविवार सुबह यह प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिली थी। इसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि बाबा साहब की नई प्रतिमा मंगा ली गई है। जल्द ही उसे स्थापित करा दिया जाएगा। उन्होंने इस घटना को अंजाम देने वाले लेागों के खिलाफ रासुका लगाने की मांग की है।




साइन इन