मुरादाबाद में जन्मदिन पार्टी के दौरान बवाल, आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, भाजपा नेता व भाई समेत 162 पर केस
मुरादाबाद में भाजपा नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह के जन्मदिन जश्न के दौरान शुक्रवार को बवाल हो गया। दो पक्षों में हुई मारपीट और पथराव के बीच आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से दलित समाज भड़क उठा।

Moradabad News: यूपी के मुरादाबाद में भाजपा नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह के जन्मदिन जश्न के दौरान शुक्रवार को बवाल हो गया। दो पक्षों में हुई मारपीट और पथराव के बीच आंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से दलित समाज भड़क उठा। गांव में भारी हंगामे और तनाव को देखते हुए कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात करनी पड़ी। घंटों चले विरोध-प्रदर्शन और थाने के घेराव की चेतावनी के बाद पुलिस ने भाजपा नेता और उनके भाई समेत 12 नामजद व 150 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।
गांव नारायपुर छंगा निवासी भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह ने 2022 में ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट पर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। जिसमें वह सपा विधायक नवाब जान से हार गए थे। गुरुवार को भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह ने अपने घर पर जन्मदिन पार्टी रखी थी। पार्टी में शामिल मेहमानों ने अपनी गाड़ियां आंबेडकर पार्क के पास खड़ी कर दी थीं, जिसे लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर आमने-सामने आ गए। इसी पथराव में बाबा साहब की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई। रात में ही एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह और फोर्स ने पहुंचकर प्रतिमा ठीक कराई, लेकिन शुक्रवार सुबह राजनीतिक दलों और संगठनों के जुटने से आक्रोश फिर भड़क गया। दिनभर गांव में हंगामे की स्थिति रही।
केस दर्ज होने तक अड़े ग्रामीण
एडीएम प्रशासन संगीता गौतम और एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ग्रामीणों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देते रहे, लेकिन ग्रामीण केस दर्ज होने तक अड़ गए। दोपहर बाद जब रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, तो लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर ठाकुरद्वारा थाने का घेराव करने के लिए निकल पड़े। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने आनन-फानन में मलखान सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें शांत कराया। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह, उनके भाई अभय प्रताप सिंह समेत 12 नामजद और 150 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है। एसडीएम प्रीति सिंह और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




साइन इन