बकरीद पर मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ने से रोकने पर हंगामा, CO को सपा नेताओं के सामने क्यों जोड़ने पड़े हाथ?
बुलंदशहर में बकरीद के दिन मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ने को लेकर विवाद हो गया। सपा के पूर्व विधायक चौधरी होशियार सिंह और जिला पंचायत सदस्य सुनील चरोरा ने पुलिस न मनमानी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़नी शुरू हो गई।

Bulandshahr News: यूपी के बुलंदशहर में बकरीद के दिन मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ने को लेकर विवाद हो गया। सपा के पूर्व विधायक चौधरी होशियार सिंह और जिला पंचायत सदस्य सुनील चरोरा ने पुलिस न मनमानी का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़नी शुरू हो गई। हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीओ विकास चौहान ने स्थिति को संभालने की कोशिश की लेकिन बात नहीं बन पाई। नौबत ऐसी आ गई कि मामले को सुलझाने के लिए सीओ को सपा नेताओं के सामने हाथ तक जोड़ने पड़ गए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जहांगीराबाद में ईदगाह मस्जिद के बाहर कुछ लोगों ने नमाज पढ़ने की कोशिश की, जबकि सड़क पर नमाज पढ़ने की यूपी में पाबंदी है। मस्जिद के बाहर नमाज पढ़े जाने की सूचना जब पुलिस को मिली तो वह मौके पर पहुंची। पुलिस ने मस्जिद के बाहर नमाज पढ़ने के लिए मना किया। इस पर नमाजियों की पुलिसकर्मियों से बहसबाजी शुरू हो गई। कुछ लोगों ने नमाज न पढ़ने देने की शिकायत सपा के पूर्व विधायक चौधरी होशियार सिंह और जिला पंचायत सदस्य सुनील चरोरा से कर दी। इस पर मौके पर पूर्व विधायक और जिला पंचायत सदस्य पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर मनमानी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
सीओ ने संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना पर अनूपशहर सीओ विकास चौहान ने स्थिति को संभालने की कोशिश की। उन्होंने सपा नेताओं के सामने हाथ जोड़े और कहा, मैं विनती कर रहा हूं, शांत हो जाइए। चलिए यहां से जाइए। सीओ ने किसी तरह से मामले को शांत कराया। इसका किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस मामले में जब सीओ से बात की गई तो उन्होंने पुलिस पर लगे आरोपों का खंडन कर दिया। उन्होंने कहा, पूर्व विधायक लोगों को भड़काने और माहौल खराब करने का काम कर रहे थे। सभी को समझाया गया है।
प्रकरण की हो रही जांच : एसएसपी
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया, जहांगीराबाद में ईदगाह सुबह 7.30 बजे पूरी तरह भर चुकी थी। इसके बाद कुछ नमाजी, पूर्व विधायक एवं सपा नेता होशियार सिंह, जहांगीराबाद के ब्लॉक प्रमुख पति मनोज खालौर एवं अन्य नेताओं के नेतृत्व में बैरिकेटिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे। सीओ अनूपशहर एवं पुलिस बल द्वारा उन्हें रोका गया। उनके द्वारा लगातार वहां मौजूद लोगों को भड़काया जा रहा था। मामले की जांच एसपी देहात को सौंपी गई है
बोले पूर्व विधायक
अनूपशहर पूर्व विधायक होशियार सिंह का कहना है कि ईदगाह में जगह होने के बावजूद समय से पहले ही पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग लगाकर नमाज अदा करने वालों को रोक दिया। इसी का विरोध किया गया। पुलिस प्रशासन ने इसे लेकर अभद्रता की।




साइन इन