शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर के पास हंगामा, नारेबाजी करते पहुंचे युवक; जबरन घुसने की कोशिश
कल्पवासी मेला क्षेत्र थाने में इस मामले को लेकर दी गई तहरीर में लिखा है कि कुछ अराजकतत्व हाथ में लाठी-डंडे लेकर शिविर में जबरन प्रवेश की कोशिश कर रहे थे। ये लोग अराजकता फैला रहे थे। इस बात की आशंका भी जताई गई है कि ये लोग दूसरी बार फिर आ सकते हैं।

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के शिविर के पास शनिवार शाम कुछ लोग नारेबाजी करते हुए पहुंचे और हंगामा किया। वहां मौजूद शंकराचार्य के समर्थकों ने इसका विरोध किया। शंकराचार्य के शिविर कार्यालय की ओर से इस संबंध में कल्पवासी मेला क्षेत्र थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने तथा शंकराचार्य की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। आरोप है कि ये लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे थे और इन्होंने शंकराचार्य के शिविर में जबरन घुसने की कोशिश की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कुछ लोग बुलडोजर बाबा-बुलडोजर बाबा के नारे लगाते हुए सुनाई दे रहे हैं। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
शंकराचार्य के समर्थकों ने इनके शिविर में प्रवेश करने का विरोध किया और नारेबाजी कर रहे लोगों को शिविर से बाहर निकाला। कल्पवासी मेला क्षेत्र थाने में इस मामले को लेकर दी गई तहरीर में लिखा है कि कुछ अराजकतत्व शाम को हाथ में लाठी-डंडे लेकर शिविर में जबरन प्रवेश की कोशिश कर रहे थे। ये लोग अराजकता फैला रहे थे। इस बात की आशंका भी जताई गई है कि ये लोग दूसरी बार फिर आ सकते हैं। यह भी कहा गया है कि अगर भविष्य में कोई घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। वहीं एसपी मेला नीरज कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी झूंसी भी मौजूद रहे। धरनास्थल पर पर्याप्त पुलिस बल भी लगा दिया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की बात कही।
सुरक्षा के लिए शिविर में लगाया सीसीटीवी कैमरा
शंकराचार्य के शिविर में सुरक्षा के दृष्टिगत शनिवार की सुबह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अनुयायियों ने आशंका जाहिर की कि कुछ अराजकतत्व किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इस पर शंकराचार्य ने कहा कि उनके कुछ शुभचिंतकों ने सूचना दी थी कि आपकी जान को खतरा हो सकता है। इस सूचना पर शिष्यों ने सीसीटीवी कैमरा लगाने का प्रस्ताव रखा था।
शंकराचार्य के समर्थन में धरना
उधर, मुरादाबाद में शिवसेना (उद्धव बाला साहब ठाकरे) की ओर से शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थन में शनिवार को विभिन्न स्थानों पर धरना दिया गया। जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने बताया कि शंकराचार्य को माघ मेले में स्नान के लिए रोकने के आरोपी अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की गई।




साइन इन