UP Weather: मौसम विभाग ने जारी किया आंधी-बारिश का अलर्ट, आज अंधड़ के साथ बरसेंगे बादल
यूपी के कई शहरों में शुक्रवार की देर शाम मौसम पलट गया। तेज आंधी के साथ बारिश आई। आगरा और मथुरा के कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है। 80 किमी की रफ्तार से आई तेज आंधी ने जमकर तबाही मचाई। जगह-जगह पेड़- होर्डिंग्स और बिजली के खंभे उखड़ गए।

यूपी के कई शहरों में शुक्रवार की देर शाम मौसम पलट गया। तेज आंधी के साथ बारिश आई। आगरा और मथुरा के कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है। 80 किमी की रफ्तार से आई तेज आंधी ने जमकर तबाही मचाई। जगह-जगह पेड़- होर्डिंग्स और बिजली के खंभे उखड़ गए। फतेहपुरी सीकरी में तेज आंधी के कारण पांच मकान ढह गए। हादसे में नौ लोग घायल हुए हैं। दिन भर तपिश के बाद शुक्रवार की शाम यूपी के कई जिलों में अचानक मौसम बदलने लगा।
आगरा में फतेहपुर सीकरी, अकोला, बरौली अहीर ब्लॉक के गांवों में ओले भी पड़े। आंधी-बारिश से गेहूं, जौ, सब्जी की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं मथुरा में आंधी-बारिश दर्ज की गई। कोसीकलां और नौहझील में तेज ओलावृष्टि हुई है। यहां भी बड़ी संख्या में फसलें प्रभावित हुई हैं।
ऐसा ही मौसम आज भी
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को पूरे दिन बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश-तेज आंधी आ सकती है। ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि खुद को और फसलों को बचाने का इंतजाम पहले ही लोग कर लें।
आंधी, ओले और बारिश से ब्लैक आउट
यूपी में शुक्रवार देर शाम आई तेज रफ्तार आंधी ने जनजीवन पूरी तरह थाम दिया। रात करीब 8:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और देखते ही देखते आसमान में धूल का गुबार छा गया। करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की आंधी ने शहर से देहात तक हालात बिगाड़ दिए। चंद मिनटों में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। अंधड़ के तुरंत बाद करीब एक घंटे तक बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे तापमान में गिरावट आई, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई। शहर के अधिकांश इलाकों में ब्लैक आउट हो गया। दो-तीन घंटे तक बत्ती गुल रही। वहीं शहर में चल रहे आयोजनों को भी रोकना पड़ा। अफरा- तफरी के हालात रहे।
करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई, इसके बाद भी बूंदाबांदी जारी रही। तेज आंधी और बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव हो गया। हाइवे समेत मुख्य मार्गाें पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार थम गई। रात में बिजली न होने के कारण वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई।
आज भी आंधी और बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार को भी मौसम खराब रह सकता है। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का अधिकतम स्तर 64 प्रतिशत रहा।




साइन इन