यूपी में हटाए जाएंगे ये संविदाकर्मी; हरदोई, बांदा समेत कई जिलों को लेकर आदेश जारी
यूपी के स्वास्थ्य विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया है। इस आदेश में प्रदेश के जिलों में एक ही पद पर तैनात एक्सरे टेक्नीशियन और संविदाकर्मियों को हटाने को कहा गया है। इस आदेश से हड़कंप मच गया हैै।

UP Latest News: यूपी के उन जिलों से एक्सरे टेक्नीशियन हटेंगे, जहां एक ही पद पर दो-दो लोग काम कर रहे हैं। इनमें से एक संविदा कर्मी है और दूसरा नियमित नियुक्ति पाने वाला। स्वास्थ्य विभाग में आए इस आदेश के बाद से कर्मचारियों में हड़कंप मचा है। दरअसल वर्ष 2012 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा 49 जिलों में एक्सरे-टेक्नीशियन की संविदा पर तैनाती की गई थी। नियुक्ति की सेवा शर्तों में स्पष्ट लिखा था कि इस पद पर नियमित नियुक्ति होते ही संविदा वाली नियुक्ति स्वत: समाप्त हो जाएगी। मगर ऐसा हुआ नहीं और नियमित के साथ ही संविदा पर नियुक्त लोग भी लगातार काम करते आ रहे हैं।
इस मामले में जब शिकायत हुई तो स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की नींद खुली। शिकायती पत्र में चिकित्सा इकाई और वहां कार्यरत दो-दो एक्सरे टेक्नीशन के नाम सहित उदाहरण भी दिए गए। तब आनन-फानन में महानिदेशक की ओर से संबंधित जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से इस मामले में तत्काल रिपोर्ट तलब की गई है। उन्हें निदेशक पैरामेडिकल को इस मामले में स्पष्ट आख्या अविलंब भेजने को कहा गया है। इनमें अंबेडकर नगर, अयोध्या, बाराबंकी, बांदा, हमीरपुर, हरदोई, झांसी, कौशांबी, लखीमपुर खीरी, रायबरेली और औरैया आदि जिले शामिल हैं।
खास बात यह है कि सालों से वहां के सीएमओ कार्यालय और वहां के कार्यालय के लिपिक एक ही पद पर दो-दो लोगों का वेतन निकालते रहे। जब शिकायत हुई तो खलबली मची। अब जब महानिदेशक कार्यालय से रिपोर्ट मांगी गई है तो मुख्य चिकित्साधिकारियों ने ऐसे प्रकरणों में कार्यवाही शुरू कर दी है। बांदा, हरदोई के मुख्य चिकित्साधिकारियों ने ऐसे संविदा वाले एक्सरे टेक्नीशियन को हटाने की कार्यवाही भी शुरू कर दी है जबकि अन्य जिले भी इस कवायद में जुट गए हैं।




साइन इन