UP Weather: भीषण गर्मी के अलर्ट के बीच लखनऊ का पारा 42 पार, 19 जिलों में 50 डिग्री जैसी तपिश
यूपी की राजधानी लखनऊ में तपिश का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 25.3 रहा। यह सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

यूपी की राजधानी लखनऊ में तपिश का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 25.3 रहा। यह सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक था। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसके बाद शनिवार को और प्रचंड गर्मी होने के संकेत हैं।
अमौसी स्थित मौसम विभाग मुख्यालय के अनुसार राजस्थान की तपती धरती से होकर आ रही पछुआ बेहद गर्म है। आसमान साफ होने से धूप सीधी सतह पर पड़ रही है। वायुमंडल के निचले क्षोभमंडल में गर्म हवा लगातार आ रही है। ये कारण हैं जिनकी वजह से गर्मी बढ़ रही है। गर्म हवा धरती की सतह को ठंडा नहीं होने दे रही है। ऐसे में रात का तापमान बढ़ने के साथ दिन का पारा और ऊपर चढ़ेगा।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को तापमान 43 डिग्री या अधिक रहेगा लेकिन गर्मी इससे ज्यादा शनिवार को पड़ सकती है। ऐसे में शहर में हीट वेव यानी लू की स्थिति होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। वैसे भी पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से बढ़ते हुए 42 तक आ चुका है।
19 जिलों में 50 डिग्री जैसी तपिश
पश्चिमी यूपी से लखनऊ तक गुरुवार को हीट इंडेक्स यानी ताप सूचकांक ज्यादा रहा। इसका आशय है कि इन 19 जिलों में लोगों ने 40 से 50 डिग्री तक के तापमान जैसी गर्मी दिन में महसूस की। साथ ही 44.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज सबसे गर्म शहर रहा। अलीगढ़ और बलिया में हीट वेव यानी लू की स्थिति रही। मौसम, विभाग के अनुसार शुक्रवार को गर्मी और प्रचंड तेवर दिखा सकती है। अलीगढ़ में अधिकतम तापमान 43.0 रहा जो सामान्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। यदि तापमान 40 से अधिक हो और सामान्य से विचलन 4.5 या इससे अधिक हो तो इसे हीट वेव की स्थिति माना जाता है। बलिया में अधिकतम तापमान 42 और सामान्य से विचलन 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन शहरों में हीट इंडेक्स
मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ, हाथरस, फिरोजाबाद, झांसी, लखनऊ, बहराइच, श्रावस्ती, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, कौशाम्बी, वाराणसी, चंदौली जनपदों में ताप सूचकांक 40-50 डिग्री तक दर्ज किया गया।




साइन इन