UP Weather: इटावा में सबसे ठंडी रात, कडा़के की ठंड यूपी बेहाल, कई जिलों में स्कूल बंद
UP Weather: यूपी में कोहरे और कड़ाके ठंड का कहर जारी है। कोहरे की परत न छंटने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे गिर गया है, जिससे कड़ाके की ठंड और कोल्ड डे यानी शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश के उत्तरी तराई और उससे सटे पूर्वांचल के जिलों में कोहरे की घनी चादर ने सूरज की तपिश को पूरी तरह रोक दिया है। कोहरे की परत न छंटने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे गिर गया है, जिससे कड़ाके की ठंड और कोल्ड डे यानी शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है। वहीं, पूर्वांचल के कुछ जिलों में प्राइमरी स्कूल की छुट्टी कर दी गई है। कोहरे की वजह से वाराणसी में कई ट्रेने 15 घंटों तक लेट रहीं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के तराई क्षेत्रों में हालात सबसे अधिक खराब हैं। बहराइच और बस्ती में अति शीत दिवस (सीवियर कोल्ड डे) दर्ज किया गया। यहां दिन भर लोग गलन और ठिठुरन से बेहाल रहे। इसके अलावा कानपुर, गोरखपुर और सुल्तानपुर में भी शीत दिवस की स्थिति बनी रही, जहां दिन का तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री तक कम रहा।
इटावा में सबसे सर्द रात, 21 शहरों में पारा 10 से नीचे
रात के तापमान की बात करें तो इटावा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के कुल 21 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।
रात के 10 सबसे ठंडे शहर (डिग्री सेल्सियस में):
इटावा: 6.8
चुर्क: 7.0
बाराबंकी: 7.4
कानपुर शहर: 7.7
मुजफ्फरनगर: 8.1
आगरा ताज: 8.1
प्रयागराज: 8.2
मेरठ: 8.4
कानपुर (वायुसेना) और लखीमपुर खीरी: 8.4
बुलंदशहर: 8.5
दिन में कहां रहा सबसे कम तापमान
कोहरे के कारण दिन के समय सूरज न निकलने से कई जिलों में अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई है।
बहराइच: 13.4 डिग्री (दिन में सबसे ठंडा)
अयोध्या: 15.0 डिग्री
शाहजहांपुर: 15.2 डिग्री
बलिया और गाजीपुर: 15.5 डिग्री
सुलतानपुर: 15.6 डिग्री
बस्ती: 16.0 डिग्री
कानपुर शहर: 16.3 डिग्री
गोरखपुर: 16.8 डिग्री
झांसी और मेरठ में विपरीत स्थिति
एक तरफ जहां तराई और पूर्वांचल ठंड से कांप रहे हैं, वहीं बुंदेलखंड के झांसी में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। इसी तरह मेरठ और आगरा में भी दिन के समय धूप निकलने से लोगों को ठंड से मामूली राहत मिली।
शीतलहर से कांपा पूर्वांचल
पूरे दिन कोहरा और धुंध के बीच ठंडी हवा ने पूर्वांचल को कंपा दिया है। कोहरे से हवाई और रेल यातायात पर व्यापक असर पड़ा है। सड़क पर वाहनों की रफ्तार भी सुस्त पड़ गई है। जौनपुर में 12वीं तक के स्कूल 24 दिसम्बर तक बंद हैं, जबकि चंदौली में कक्षा आठवीं तक के विद्यालयों में 26 दिसम्बर तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। वाराणसी में सुबह करीब छह घंटे तक दृश्यता शून्य रही। इससे बस, ट्रेन और विमान सेवाओं पर असर पड़ा। वंदेभारत समेत दर्जनों ट्रेनें 15-15 घंटे विलम्बित रहीं। एयरपोर्ट पर ती घंटे ही उड़ान सेवाओं का संचालन हो पाया। दस विमान रद्द करने पड़े। यहां दिन का तापमान 18.8 और रात का 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बलिया और जौनपुर में पूरे दिन धूप नहीं निकली। मऊ और सोनभद्र में 11 बजे के बाद सूर्यदेव निकले जरूर, लेकिन सर्द हवा के आगे धूप बेदम रही।
कानपुर में दृश्यता जीरो
कानपुर में मंगलवार को घना कोहरा रहा। एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर दृश्यता जीरो रही जबकि शहर में 10 मीटर रिकॉर्ड की गई। शीतलहर के बीच बीते 24 घंटे में कानपुर मंडल में सात और बुंदेलखंड में दो और लोगों की मौत हो गई। इसमें कानपुर में पांच, कानपुर देहात, कन्नौज, बांदा और हमीरपुर में एक-एक मौत शामिल है।
मेरठ: जल्दी छंटा कोहरा, दिनभरी खिली धूप, उछला पारा
बीते कई दिनों से दिनभर धूप और कोहरे के बीच मंगलवार को मौसम ने सुकून दिया। कोहरा जल्दी छंट गया और सुबह से ही धूप निकली। मौसम विभाग के अनुसार 29 दिसंबर तक वेस्ट यूपी में मध्यम से बेहद घने कोहरे का दौर जारी रहने के आसार हैं। आज से कोहरे का दायरा बढ़ सकता है।
मुरादाबाद: कोहरा छंटा लेकिन गलन बनी रही
मंगलवार को भी मुरादाबाद और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। सुबह आठ बजे तक कुछ जगहों पर दृश्यता काफी कम रही। सुबह नौ बजे के बाद धीरे-धीरे करके कोहरा छंटना शुरू हो गया, लेकिन, मध्याह्न 12 बजे के बाद ही ठीक से धूप चमकी। धूप हल्की होने की वजह से लोगों को ठंड से मामूली राहत ही मिल सकी। दोपहर ढलने के बाद गलन फिर बढ़ गई।
गोरखपुर: घने कोहरे के बीच सूरज की झलक दिखी, गलन से राहत नहीं
गोरखपुर-बस्ती मंडल में सोमवार रात से घना कोहरा छा गया। मंगलवार को दोपहर बाद सूरज की झलक दिखी, पर बेहिसाब गलन से लोग कांपते रहे।




साइन इन