UP SIR: वीआईपी सीटों का बदला समीकरण, महाना-केशव समेत दिग्गजों को बनानी होगी नई रणनीति
उत्तर प्रदेश में एसआईआर (SIR) की फाइनल सूची जारी होने के बाद कई दिग्गज नेताओं की विधानसभा सीटों पर समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की सिराथू सीट से 52,985 वोट कम हुए हैं, जबकि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की महाराजपुर सीट से लगभग 90 हजार मतदाताओं की कमी आई है।

UP News: यूपी में एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। जो आंकड़े सामने आए हैं उस हिसाब से अधिकतर वीआईपी सीटों का वोट कटने के बाद समीकरण बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। इसीलिए इन सीटों को जीतने वाले दिग्गजों को अब जीत के लिए नए सिरे से जुगत बैठानी होगी। डिप्टी सीएम केशव मौर्य, स्पीकर सतीश महाना, मंत्री नंद गोपाल नंदी, नितिन अग्रवाल, बेबी रानी मौर्य, लक्ष्मी नारायण चौधरी, सपा महासचिव शिवपाल यादव जैसे बड़े नेताओं की सीटों पर करीब 50 हजार से सवा लाख तक वोट कट गए हैं। जबकि हार-जीत इससे कम वोटों से हुई थी।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सिराथू विधानसभा सीट से 2022 में चुनाव लड़े थे और सपा की पल्लवी पटेल से 7337 वोटों से चुनाव हार गए थे। एसआईआर में 52985 वोट कम हो गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना कानपुर की महाराजपुर सीट से आठवीं बार चुनाव जीते थे। यहां कुल 129563 वोट कटे हैं और 39058 जोड़े गए हैं। इस हिसाब से 90505 वोट कम हुए हैं। सतीश महाना को पार्टी अगर टिकट देती है तो वह नौवीं बार चुनाव जीतने के लिए मैदान में होंगे। उनकी सीट से 90 हजार वोट कटने की वजह से उन्हें चुनाव जीतने के लिए नए सिरे से समीकरण बनाना होगा।
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी इलाहाबाद दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते हैं। उनकी सीट पर 99059 मतदाता कम हुए हैं। उनके लिए इस सीट पर नए सिरे से समीकरण बनाने की जुगत बैठानी होगी। आबकारी राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल की विधानसभा सीट हरदोई में 85757 वोट कटे हैं। वह पिछला चुनाव 43148 वोटों से जीते थे। इस हिसाब से देखा जाए तो उनकी जीत से दोगुना वोट कटे हैं। हरदोई की ही शाहाबाद सीट से उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी पिछला चुनाव जीती थी। उनकी सीट से 39454 वोट कटे हैं।
आगरा जिले में एसआईआर के बाद चार कैबिनेट मंत्रियों की विधानसभा सीटों पर समीकरण में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आगरा ग्रामीण सीट से विधायक और महिला कल्याण एवं बाल विकास एवं पोषण मंत्री बेबीरानी मौर्य की सीट पर 49464 वोट कटे हैं। पिछला चुनाव वह करीब 52 हजार से जीती थीं।
आगरा दक्षिण से उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय विधायक हैं। यहां एक लाख 14000 मत कटे हैं, इन्होंने पिछला चुनाव 56640 मतों से जीता था। मैनपुरी सदर सीट से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह पिछला चुनाव 6766 मतों से जीते थे। इनकी सीट पर करीब 24 हजार मत बढ़े हैं। मथुरा की छाता सीट से चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी विधायक हैं। यहां 47 हजार वोट कम हुए हैं। पिछला चुनाव वह 48948 वोटों से जीते थे। सपा के दिग्गज नेता शिवपाल सिंह यादव की सीट जसवंतनगर विधानसभा सीट से विधायक हैं। यहां 47194 वोट कटे हैं। हालांकि वह पिछला चुनाव 90 हजार से अधिक वोटों से जीते थे।




साइन इन