UP SIR: इन जिलों में बढ़ गए सबसे ज्यादा वोटर, जानिए टॉप फाइव जिले और विधानसभाएं कौन-कौन?
यूपी एसआईआर 2026 की अंतिम सूची में प्रयागराज और लखनऊ में सबसे ज्यादा मतदाता बढ़े हैं। विधानसभाओं की बात करें तो गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट शीर्ष पर रही। कुल मतदाताओं की संख्या 13.39 करोड़ पहुँच गई है, जिसमें 14.29 लाख नए युवा वोटर शामिल हुए हैं।

UP News: उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट गहन पुनरीक्षण अभियान यानी एसआईआर के बाद शुक्रवार को फाइनल सूची जारी कर दी गई। इस अंतिम मतदाता सूची ने राज्य की नई राजनीतिक शक्ति का खाका खींच दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या अब 13,39,84,792 हो गई है। अगर पिछली सूची से तुलना करें तो करीब दो करोड़ नाम कम हुए हैं। हालांकि ड्राफ्ट लिस्ट के मुकाबले अंतिम सूची में कुल 84.28 लाख मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी में संगम नगरी प्रयागराज और राजधानी लखनऊ ने बाजी मारी है।
प्रयागराज और लखनऊ बने मतदाताओं के 'पावर सेंटर'
सूची के विश्लेषण से पता चलता है कि कुल मतदाताओं की संख्या में सर्वाधिक वृद्धि वाले जिलों में प्रयागराज शीर्ष पर है। यहां अकेले 3,29,421 नए मतदाता जुड़े हैं। इसके बाद राजधानी लखनऊ का नंबर आता है। यहां 2,85,961 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। टॉप 5 जिलों में बरेली, गाजियाबाद और जौनपुर का नाम भी है। बरेली में 2,57,920, गाजियाबाद: में 2,43,666 और जौनपुर: 2,37,590 मतदाता ड्राफ्ट सूची की तुलना में बढ़ गए हैं। ये आंकड़े दर्शाते हैं कि शहरीकरण और युवाओं के नए पंजीकरण के कारण इन प्रमुख केंद्रों में वोटरों की तादाद तेजी से बढ़ी है।
साहिबाबाद विधानसभा में सबसे बड़ी छलांग
अगर टॉप फाइव विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो सबसे ज्यादा वोटर गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट पर बढ़े हैं। यहां ड्राफ्ट सूची के बाद 82,898 नए वोटर जुड़े हैं। दूसरे स्थान पर जौनपुर विधानसभा रही। यहां 56,118 वोटरों की बढ़ोतरी हुई है। लखनऊ पश्चिम, लोनी और फिरोजाबाद भी टॉप 5 में शामिल रहे। लखनऊ पश्चिम में 54,822, लोनी में 53,679 और फिरोजाबाद में 47,757 वोटर बढ़ गए हैं। साहिबाबाद और लोनी जैसे क्षेत्रों में वृद्धि का मुख्य कारण एनसीआर (NCR) क्षेत्र में तेजी से बढ़ता आवासीय विस्तार माना जा रहा है।
युवाओं और महिलाओं की निर्णायक भागीदारी
इस बार की सूची में सबसे सुखद पहलू 18–19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या है। इसमें 14.29 लाख की वृद्धि हुई है। इससे अब युवा मतदाताओं का कुल आंकड़ा 17,63,360 (1.32%) तक पहुंच गया है। जेंडर रेशियो (लिंगानुपात) में भी 10 अंकों का सुधार हुआ है, जो अब 824 से बढ़कर 834 हो गया है। महिला मतदाताओं की संख्या में 42 लाख की वृद्धि यह संकेत देती है कि आने वाले चुनावों में महिला वोटर निर्णायक भूमिका निभाएंगी।
अंतिम मतदाता सूची के अनुसार अब कुल मतदाता 13.39 करोड़ हैं। इसमें पुरुष 7.30 करोड़ (54.54%), महिला 6.09 करोड़ (45.46%) और थर्ड जेंडर: 4,206 हैं। चुनाव आयोग के अनुसार यह सूची अब आगामी सभी चुनावों का आधार बनेगी।




साइन इन