पति ने बच्चों के सामने ही कैंची घोंपकर की पत्नी की हत्या, खुद को भी किया घायल
संभल में डेढ़ साल बाद घर लौटे पति ने घरेलू विवाद के दौरान बच्चों के सामने ही पत्नी के सीने में कैंची घोंपकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद खुद भी अपने पेट में कैंची मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी मच गई।

Sambhal News: संभल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां डेढ़ साल बाद घर लौटे पति ने घरेलू विवाद के दौरान बच्चों के सामने ही पत्नी के सीने में कैंची घोंपकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद भी अपने पेट में कैंची मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मूल रूप से अमरोहा के आदमपुर का रहने वाले नफीस ने कुछ वर्ष पहले सदर कोतवाली क्षेत्र के मंडी किशनदास सराय में मकान बनाया था। करीब डेढ़ साल पहले पत्नी नाजमा से विवाद होने के बाद वह उससे अलग होकर आदमपुर में रहने लगा था। नफीस सराय तरीन में मेडिकल स्टोर चलाता है, जबकि नाजमा हातिम सराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आशा कार्यकर्ता के रूप में तैनात थी। नाजमा अपने चार बच्चों के साथ मंडी किशनदास सराय स्थित घर में रहती थी।
बताया जाता है कि रविवार देर रात नफीस पत्नी के पास पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई और गुस्से में आकर नफीस ने बच्चों के सामने ही नाजमा के सीने में कैंची घोंप दी। गंभीर चोट लगने से नाजमा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद नफीस ने खुद के पेट में भी कैंची मार ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल नफीस को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मां की मौत के बाद 13 वर्षीय बेटी अनविया समेत अन्य तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कोतवाल गजेंद्र सिंह ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी की कैंची घोंपकर हत्या कर दी और बाद में खुद को भी घायल कर लिया। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
पहले भी दर्ज कराया था देवर के खिलाफ मुकदमा
जानकारी के अनुसार, अमरोहा जिले के आदमपुर निवासी नाजमा का अपने पति नफीस से विवाद चल रहा था। इसी कारण वह संभल शहर के मंडी किशनदास सराय इलाके में पति द्वारा बनाए गए मकान में अपने चार बच्चों के साथ रह रही थी। उसने दिसंबर 2025 में देवर पप्पू के खिलाफ मारपीट का मुकदमा आदमपुर थाने में दर्ज कराया था।
परिवार के लिए चंद पलों की थी खुशियां
परिवार के लिए खुशियों का पल लेकर आई थी, लेकिन कुछ ही देर में वही खुशी दर्दनाक मातम में बदल गई। डेढ़ साल बाद घर पहुंचे पति को देखकर नाजमा और उसके बच्चे खुशी से झूम उठे थे, मगर किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात उसकी जिंदगी की आखिरी मुलाकात साबित होगी।
कोर्ट में विचाराधीन था पति-पत्नी का विवाद
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में विचाराधीन था। इसी वजह से दोनों करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे से अलग रह रहे थे।




साइन इन