up rain monsoon is again showing its power in heavy rain alert in many districts weather forecast imd UP Rain: यूपी में मानसून फिर दिखा रहा तेवर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Rain: यूपी में मानसून फिर दिखा रहा तेवर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 24 अगस्त को पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर और पूर्वी में लगभग सभी स्थानों पर बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों भागों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

Sun, 24 Aug 2025 03:22 PMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
UP Rain: यूपी में मानसून फिर दिखा रहा तेवर, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

UP Rain Alert: यूपी में मानसून एक बार फिर तेवर दिखा रहा है। पूर्वांचल में शुक्रवार रात से शनिवार तक 14 घंटे लगातार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कई सड़कों पर पानी जमा होने से आवागमन बाधित है। मिर्जापुर में 100 एमएम और सोनभद्र में 82 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। इस महीने में यह दूसरी बार है, जब लगातार 14 से 15 घंटे बारिश हुई। लगभग 15 दिन पहले भी ऐसे ही हालात बने थे। मौसम विज्ञानियों की मानें तो 24 और 25 अगस्त को भी कई जिलों में मेघगर्जन के साथ भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक 24 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों पर बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों भागों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 25 अगस्त को भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभाग में लगभग सभी स्थानों पर और 26 अगस्त को अनेक स्थानों पर बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 25 को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की भी संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 अगस्त को संभाग में लगभग सभी स्थानों और 26 अगस्त को अनेक स्थानों पर बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में आज आंशिक रूप से बादल छाने के बाद दोपहर के समय सामान्यत: बादल छाये रहने के साथ कुछ क्षेत्रों में मेघगर्जन और एक-दो बार बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गाजर-मूली की तरह काटता था सिर, जानें कौन था शंकर कनौजिया जिसे STF ने मार गिराया

वाराणसी के बाद मिर्जापुर में हुई सबसे अधिक बारिश

पूर्वांचल में वाराणसी के बाद सबसे अधिक बारिश मिर्जापुर में हुई। यहां की कई पहाड़ी नदियां भी उफना गई हैं। ऐसे में सड़कों पर पानी भर गया है। विभिन्न स्थानों पर आवगमन रोक दिया गया है। उधर, सोनभद्र में भारी बारिश से धंधरौल बांध के सभी 18 गेट खोल दिए गए हैं। यहां भी शक्रवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। उधर, बारिश की वजह से जौनपुर के मडियाहूं में बड़ेरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चहारदीवारी गिर गई। इससे इलाज को आने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। गाजीपुर में 24 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर के झंडातर, नौरंगाबाद, श्रबाजार, टाउनहाल जैसे प्रमुख इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। बलिया में शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दिन की शुरुआत बारिश से हुई। शाम आठ बजे से भी फिर बारिश होने लगी। इसी तरह मऊ और आजमगढ़ में कहीं तेज तो कहीं हल्की बरसात हुई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लगातार आईं X पोस्ट के बाद ऐक्शन मोड में उर्जा मंत्री, मीटिंग में एक्सईएन सस्पेंड

38 साल बाद एक दिन में इतनी अधिक बारिश

वाराणसी के बाबतपुर मौसम विज्ञान कार्यालय के अनुसार 38 साल बाद एक दिन में इतनी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे पहले 12 अगस्त 1987 को 165 एमएम बारिश हुई थी। हालांकि वह रिकॉर्ड नहीं टूट पाया। एक जून से अब तक 83 दिनों में कुल 791.7 एमएम बारिश हुई है। यह औसत से 41 फीसदी अधिक है।

सामान्य स्थिति में लौटी मानूसन द्रोणिका

‘सावन से भादौं दुब्बर नाहीं’ यह कहावत शुक्रवार रात में सच होती दिखी। पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने नए निम्न दाब क्षेत्र से पुरवा-पछुआ हवा के प्रभाव से मानसून द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति में लौट आई। इससे बीते शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक तेज बारिश हुई। बाबतपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटे में 162 एमएम बारिश हुई। यह इस सीजन की सबसे सर्वाधिक है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।