यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा में दूसरे दिन भी 25 फीसद अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे, अब तक 5 अरेस्ट
यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा में दूसरे दिन भी 25 फीसद अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। दो दिनों में गड़बड़ी करने के मामलों में एक सहायक अध्यापक समेत कुल पांच आरोपी पकड़े गए हैं।

UP Home Guard recruitment exam: यूपी होमगार्ड एनरोलमेंट -2025 की लिखित परीक्षा के दौरान गड़बड़ी कर रहा एक और अभ्यर्थी पकड़ा गया है। बरेली में शनिवार को एक केंद्र पर परीक्षा देने के बाद रविवार को नाम बदलकर दूसरे केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे हरदोई निवासी अनुराग को गिरफ्तार किया गया है। बायोमेट्रिक के दौरान उसकी पोल खुल गई। दो दिनों में गड़बड़ी करने के मामलों में एक सहायक अध्यापक समेत कुल पांच आरोपी पकड़े गए हैं। परीक्षा के दूसरे दिन भी लगभग 25 प्रतिशत अभ्यर्थी नदारद रहे।
पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार रविवार को 74 जिलों में स्थित 1053 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कुल 6,49,435 (76.94 प्रतिशत) अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। दूसरे दिन कुल 8,44,066 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। भर्ती बोर्ड के अनुसार बरेली स्थित साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कालेज में हरदोई निवासी अनुराग परीक्षा देने पहुंचा था।
जांच में सामने आया कि अनुराग पहले दिन शनिवार को बरेली में पीलीभीत रोड स्थित दरबारी लाल शर्मा इंटर कालेज में होमगार्ड भर्ती परीक्षा दे चुका है। दो परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक, फोटो और अन्य रिकार्ड का मिलान किए जाने पर उसके नाम का अंतर पाया गया। आरोपी ने षड्यंत्र के तहत नाम बदलकर दो दिन परीक्षा देने का प्रयास किया। बरेली पुलिस ने उप्र सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी अनुराग को गिरफ्तार कर लिया। इससे पूर्व शनिवार को एटा में एक अभ्यर्थी और कानपुर नगर में तीन आरोपी पकड़े गए थे।
भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों पर मुकदमा
भर्ती बोर्ड ने रविवार को भ्रामक सूचना प्रसारित किए जाने के मामले में सोशल मीडिया प्लेटफार्म यू ट्यूब चैनल arjun with rojgar तथा टेलीग्राम चैनल Up home guard paper के विरुद्ध लखनऊ की हुसैनगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। भर्ती परीक्षा के दौरान भ्रामक तथ्यों का प्रसार कर गड़बड़ी का प्रयास करने वालों की तलाश की जा रही है।




साइन इन