यूपी पंचायत चुनाव करीब देख इस मांग ने पकड़ा जोर, रोज आ रहे प्रार्थना पत्र; तैयारी में जुटे विभाग
सबसे ज्यादा ग्राम पंचायतों के आरक्षण को बदलने की मांग आ रही है। कुछ बिरादरियों ने भी अपने आरक्षण को बदलने के लिए कहा है। वोटर लिस्ट को लेकर भी कुछ मामले आए हैं। यूपी पंचायत चुनाव को लेकर सुगबुगाहटों के बीच विभाग अपनी तैयारियों में जोरशोर से जुटे हैं।

UP Panchayat Chunav: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। प्रदेश में पंचायत चुनाव समय पर कराने के लिए दाखिल याचिका पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अब राज्य निर्वाचन आयोग और राज्य सरकार से जवाब मांगा है। प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारी पहले से चल रही है। हाई कोर्ट द्वारा जवाब मांगे जाने के बाद इस प्रक्रिया में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। उधर, चुनाव करीब जानकर पिछले कुछ समय से कई इलाकों में आरक्षण की मांग भी जोर पकड़ने लगी है। जिला पंचायती राज विभाग में इन दिनों रोज ऐसे प्रार्थना पत्र आ रहे हैं। वोटर लिस्ट को लेकर कुछ शिकायतें भी प्रशासन के पास पहुंची हैं।
सबसे ज्यादा ग्राम पंचायतों के आरक्षण को बदलने की मांग आ रही है। कुछ बिरादरियों ने भी अपने आरक्षण को बदलने के लिए कहा है। प्रयागराज के डीपीआरओ कार्यालय में मंगलवार को सहसों के जयराम पाल का आवेदन आया। जिसमें उन्होंने सीट पाल कुटुंब रजिस्टर के आधार पर अनुसूचित जाति में रखने का अनुरोध किया। डीपीआरओ रवि शंकर द्विवेदी ने बताया कि पाल और धनगढ़ को लेकर ऐसे कई आवेदन आ रहे हैं।
दोनों ही जातियां पहले अनुसूचित जाति में आती थीं, लेकिन बाद में कुछ बदलाव के कारण इन्हें कुछ जगह ओबीसी में रखा गया, जिसके आवेदन चुनाव करीब आने के कारण आ रहे हैं। वहीं तमाम ग्राम पंचायतों से ऐसे आवेदन आ गए हैं कि जिसमें महिला सीट अब तक न होने, अनुसूचित जाति सीट अब तक न होने के आवेदन आए हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या निकट भविष्य में पंचायत चुनाव होगा, डीपीआरओ ने कहा कि इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। हमारी तैयारी पूरी है, जैसे ही निर्देश आएंगे, उसके क्रम में काम किया जाएगा।
पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट को लेकर की शिकायत
एक तरफ पंचायत चुनाव के आरक्षण को लेकर प्रार्थना पत्र आ रहे हैं तो दूसरी तरफ वोटर लिस्ट को लेकर भी कुछ मामले आए हैं। प्रयागराज की ही सदर तहसील की ग्राम पंचायत जलालपुर घोसी में पंचायत की मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ी की शिकायत डीएम मनीष कुमार वर्मा के जनता दर्शन में मंगलवार को आई। जलालपुर घोसी निवासी सुख सागर, ओम प्रकाश, राम सिंह, ज्ञान सिंह ने मंगलवार को जनता दर्शन में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि यह ग्राम पंचायत विकास खंड भगवतपुर में आती है और यहां पर मतदाता सूची में गड़बड़ी हो रही है। डीएम ने सुनवाई के दौरान एसडीएम को फोन कर मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के लिए कहा।




साइन इन