यूपी पंचायत चुनाव: इस जिले में 62 हजार बोगस वोटरों की हुई पहचान, वेरीफिकेशन में लगे बीएलओ
UP Panchayat elections: यूपी पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची का पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। अयोध्या में लगभग 62 हजार बोगस मतदाताओं की पहचान हुई। सत्यापन के लिए जिले में हर तीन हजार वोटरों पर एक बीएलओ की तैनाती की गई है।

UP Panchayat elections: यूपी के अयोध्या जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची का पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान जनपद में लगभग 62 हजार बोगस मतदाताओं की पहचान हुई। इनका सत्यापन भी किया जा रहा है। सत्यापन के लिए जिले में हर तीन हजार वोटरों पर एक बीएलओ की तैनाती की गई है। जिले में करीब 62 हजार बोगस वोटर चिन्हित किये गए हैं जिनके सत्यापन की प्रक्रिया भी अभियान के तहत चल रही है। इसके लिए जनपद के सभी 11 विकास खंडों के बीडीओ को नोडल अधिकारी नियुक्त् किया गया है।
बताया गया कि बोगस मिले सभी वोटरों का सत्यापन बीएलओ से कराये जाने की प्रक्रिया चल रही है। सत्यापन में जितने वोटर डुप्लीकेट पाये जाएंगे उनके नाम मतदाता सूची से हटाये जाएंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी सूर्यभान यादव ने बताया कि बोगस मिले मतदाताओं के सत्यापन का काम चल रहा है। इसकी निगरानी नियमित रूप से नियुक्त किये गए खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। बताया गया कि बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर बोगस वोटरों की जांच का अभियान बीते 19 अगस्त से ही चला रहे हैं। 53 बीएलओ और 76 सुपरवाइजर ड्यूटी पर लगाये गए हैं। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत क्षेत्रों में कुल 707 मतदान केंद्रों पर 2626 बूथ स्थापित किये गए हैं।
13 सितम्बर तक पूरा करें डुप्लीकेट वोटरों का सत्यापन
जिला निर्वाचन अधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की अध्यक्षता में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर पंचायत निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को बीएलओ व सुपरवाइजर नियुक्ति, बीएलओ का विवरण वेबसाइट पर अपडेट करने, ईबीएलओ एप का अधिक से अधिक प्रयोग कर उसमें प्राप्त आवेदन का सभी उपजिलाधिकारी जांच करने के बाद ही अपूर्व करने व डुप्लीकेट वोटरों का सत्यापन 13 सितम्बर तक पूरा करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि बीएलओ एप के द्वारा एएमएफ की रिपोर्ट के साथ शत प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करा दें। संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन सभी खण्ड विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी, समस्त तहसीलदार तथा समस्त उपजिलाधिकारी स्थलीय निरीक्षण कराने उपरान्त ही नाम को हटाएंगे। इसको गणना पत्रक के माध्यम से विलोपित किया जाएगा। जिन ग्राम पंचायत में 75 प्रतिशत से अधिक ईपी रेशियों वोटर है, उन ग्राम पंचायतों का उपजिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी विशेष तौर पर सत्यापन कर ले। डुप्लीकेट वोटर का सत्यापन 13 सितम्बर तक पूरा कर लिया जाए।




साइन इन