तैनाती वाले क्षेत्रों में रात्रि प्रवास न करने वाले अफसरों पर होगी कार्रवाई, योगी के मंत्री स्वतंत्रदेव का निर्देश
विभागीय अधिकारी तैनाती वाले क्षेत्रों में ही रात्रि प्रवास करेंगे। इससे समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके और परियोजनाओं की मॉनिटरिंग हो सके। रात्रि प्रवास न करने वाले अफसरों पर कार्रवाई होगी। योगी सरकार में मंत्री स्वतंत्रदेव ने निर्देश दिया है।

यूपी में ग्रामीण क्षेत्रों में नल से बेहतर जलापूर्ति सुनिश्चित करने और योजनाओं के कुशल क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारी तैनाती वाले क्षेत्रों में ही रात्रि प्रवास करेंगे। इससे समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके और परियोजनाओं की मॉनिटरिंग हो सके। यह निर्देश योगी सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को जल जीवन मिशन कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए। जल निगम ग्रामीण मुख्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने प्रबंध निदेशक जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिए कि वे औचक निरीक्षण कर जांचें कि अधिकारी तैनाती वाले स्थलों पर रात्रि प्रवास कर रहे हैं या नहीं। अगर कोई अधिकारी तैनाती स्थल पर नहीं मिलता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मिलकर शिकायत वाले गांवों की सूची तैयार करें और वहां की शिकायतें दूर करने के लिए कदम उठाएं।
जलशक्ति मंत्री ने समीक्षा बैठक में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की ग्रेडिंग करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारियों और अधिकारियों को अच्छी ग्रेडिंग प्राप्त हो, उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित किया जाए। खराब ग्रेडिंग वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इस ग्रेडिंग का इस्तेमाल अधिकारियों और कर्मचारियों की ट्रांसफर पोस्टिंग में भी किया जाएगा।
जलशक्ति मंत्री ने कहा कि घर-घर नल से जल पहुंचाने में जिस गुणवत्ता और समयबद्धता से कार्य उत्तर प्रदेश ने किया है, वैसा देश में कोई अन्य राज्य नहीं कर पाया है। चाहे गुणवत्ता पूर्वक जलापूर्ति की बात हो या योजनाओं में सोलर का इस्तेमाल, ईएमबी पोर्टल के जरिए पारदर्शी भुगतान और स्काडा सिस्टम के तहत योजनाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग उत्तर प्रदेश के इन सभी अभिनव प्रयोगों को दूसरे राज्य अपना रहे हैं। बैठक में राज्यमंत्री रामकेश निषाद, अपर मुख्य सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग अनुराग श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी मौजूद थे।




साइन इन