यूपी में इस हाईवे पर सफर होगा महंगा, NHAI ने प्रस्ताव मुख्यालय भेजा, जानिए नई दरें?
उत्तर प्रदेश में एक और हाईवे पर सफर महंगा होने जा रहा है। एनएचएआई (NHAI) ने लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सफर को महंगा करने की तैयारी कर ली है। नवाबगंज टोल प्लाजा पर दरों में 22 रुपये की बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजा है।

यूपी में सड़कों का जाल बिछ रहा है। हाईवे के साथ ही एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं। बुधवार को ही गंगा एक्सप्रेसवे का शुभारंभ होने के साथ यूपी सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला प्रदेश बन गया है। इस बीच इन पर चलना भी महंगा होने लगा है। अब लखनऊ-कानपुर हाईवे (एनएच-27) पर सफर महंगा होने जा रहा है। इसके लिए नेशनल हाईवे अथारिटी ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। मुख्यालय से संस्तुति मिलते ही बढ़ी हुई दर लागू कर दी जाएगी। बढ़ा टोल नवाबगंज टोल प्लाजा पर लिया जाएगा। यह बढ़ोतरी 22 रुपये होगी। हाईवे पर सड़कों के उच्चीकरण के कारण ही टोल दर को बढ़ाया जा रहा है।
मौजूदा समय में एनएच-27 पर लाइट मोटर व्हीकल (कार, जीप, एसयूवी) से लखनऊ से कानपुर जाने पर एक तरफ का 95 रुपये टोल पड़ता है। यह अब बढ़कर 117 रुपये हो जाएगा। चौबीस घंटे में वापसी पर 145 रुपये देने पड़ते थे, जो कि अब 22 रुपये बढ़कर 167 रुपये हो जाएगा।
दरोगा खेड़ा से आगे जाने पर ही लगेंगे पैसे
एनएचएआई के अनुसार यदि कोई वाहन अमौसी से एक्सप्रेस वे पर चढ़कर दरोगा खेड़ा तक तक जाता है और वहां से उतर कर एनएच-27 पकड़ता है तो उसे कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। इस सात किमी की दूरी तक एक्सप्रेस वे सभी वाहनों के लिए फ्री है। दरोगा खेड़ा से आगे जाने पर ही एक्सप्रेस वे का टोल कटेगा। अधिकारियों के अनुसार एनएच-27 पर अमौसी से दरोगाखेड़ा और आगे कुछ स्थानों पर सड़का का उच्चीकरण किया गया है, जिसके कारण ही टोल की दर बढ़ाई जा रही है।
एकल यात्रा पर अब इतना देना होगा टोल
-कार, जीप, वैन को पहले 95 रुपये देना पड़ता था, जो बढ़ने पर 117 रुपये हो जाएगा।
-हल्के व्यावसायिक वाहन के लिए 160 रुपये से बढ़कर 182 रुपये देना होगा
-बस और ट्रक 330 रुपये की बजाय अब 352 रुपये देना होगा
-थ्री एक्सल वाले व्यावसायिक वाहन को 360 रुपये की बजाय 382 रुपये देना पड़ेगा
-चार से छह एक्सल वाले वाहनों को 520 की बजाय 542 रुपये देना पड़ेगा
-सात और उससे अधिक एक्सल वाहने वाहनों को 625 की बजाय 647 रुपये देना होगा
गंगा एक्सप्रेसवे पर पूरे सफर में कार के लिए 1800 रुपये टोल
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों बुधवार को शुरू हुए गंगा एक्सप्रेसवे पर भी टोल की दरें निर्धारित हो गई हैं। मेरठ से प्रयागराज तक सफर करने के लिए कार चालकों को 1800 रुपये टोल टैक्स का भुगतान करना होगा। इस एक्सप्रेसवे पर कुल 594 किलोमीटर का सफर करने के लिए दो पहिया, तीन पहिया और पंजीकृत ट्रैक्टर को 905 रुपये टोल देना होगा। इसी तरह कार, जीप, वैन व हल्के वाहन को 1800 रुपये, हल्के वाणिज्यिक वाहन, हल्के माल वाहन को 2840 रुपये, बस व ट्रक को 5720 रुपये, भारी निर्माण मशीनरी, मिट्टी हटाने वाले वाहन व मल्टी एक्सेल वेहिकल (एमएवी) को 8760 रुपये और उपकरण व बहुएक्सल वाहन, अत्यधिक बड़े वाहन (सात व अधिक एक्सेल वाले) को 11265 रुपये टोल टैक्स का भुगतान करना होगा।




साइन इन