जिम में पॉवर के नाम पर नशीली ड्रिंक, रेप कर बनाया अश्लील वीडियो, शिकंजे में सगे भाई
बरेली में जिम संचालक ने महिला डॉक्टर को नशीला ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया और सीसीटीवी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। आरोपी ने डॉक्टर से लाखों रुपये वसूले। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक जिम ट्रेनर द्वारा महिला डॉक्टर के साथ दरिंदगी और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी जिम संचालक ने 'प्री-वर्कआउट ड्रिंक' में नशीला पदार्थ पिलाकर डॉक्टर के साथ दुष्कर्म किया और फिर अश्लील वीडियो के जरिए दो साल तक उनका यौन शोषण और आर्थिक उत्पीड़न किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी जिम ट्रेनर और उसके भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
ड्रिंक में नशा और सीसीटीवी से रिकॉर्डिंग
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइंस क्षेत्र की रहने वाली एक महिला डॉक्टर ने मई 2024 में मुख्य डाकघर के पास स्थित 'अल्टीमेट फिटनेस क्लब' जिम ज्वाइन किया था। वहां के संचालक और ट्रेनर अकरम खान ने पहले डॉक्टर का विश्वास जीता और फिर एक दिन वर्कआउट के दौरान उन्हें ऊर्जा बढ़ाने (पावर ड्रिंक) के नाम पर नशीला पदार्थ पिला दिया। जब डॉक्टर बेहोश हो गईं, तो अकरम ने उनके साथ दुष्कर्म किया और जिम में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरी वारदात का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
50 लाख की मांग और अश्लील वीडियो की धमकी
आरोपी अकरम खान इसी वीडियो के आधार पर डॉक्टर को ब्लैकमेल करने लगा। उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर न सिर्फ बार-बार रेप किया, बल्कि उनसे लाखों रुपये भी वसूल लिए। मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर डॉक्टर ने जनवरी 2026 से जिम जाना छोड़ दिया, लेकिन आरोपी का जुल्म कम नहीं हुआ। 3 मई को अकरम ने डॉक्टर को फोन कर 50 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर जेवर व प्लॉट बेचने का दबाव बनाया। इस साजिश में अकरम का भाई आलम भी बराबर का साझीदार था।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने अकरम और उसके भाई आलम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से दो पेन ड्राइव बरामद की हैं, जिनमें डॉक्टर के अश्लील वीडियो भरे थे। इसके अलावा दो मोबाइल, रंगदारी के 10 हजार रुपये और भारी मात्रा में शक्तिवर्धक दवाएं व प्रतिबंधित इंजेक्शन भी मिले हैं। पुलिस ने वारदात स्थल यानी जिम को सील कर दिया है और मामले की गहराई से जांच कर रही है।




साइन इन