यूपी एमएलसी चुनाव: हारी सीटों पर नए विकल्प तलाश रही भाजपा, निर्दलीय भी पार्टी के संपर्क में
UP MLC elections: उत्तर प्रदेश की एमएलसी सीटों पर चुनाव होना है। हारी हुई सीटों पर वह नए विकल्प तलाश रही है। निर्दलीय आकाश अग्रवाल सहित कई अन्य पार्टी के संपर्क में भी हैं।

UP MLC election: यूपी में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र विधान परिषद की 11 सीटों के लिए इसी साल चुनाव होने हैं। भारतीय जनता पार्टी ने पिछले चुनाव में इनमें से छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। तीन पर सपा और एक-एक पर शिक्षक दल व निर्दलीय जीते। भाजपा जीती हुई पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। हारी हुई सीटों पर वह नए विकल्प तलाश रही है। निर्दलीय आकाश अग्रवाल सहित कई अन्य पार्टी के संपर्क में भी हैं।
शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के 11 विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) का कार्यकाल इसी साल सात दिसंबर को खत्म हो रहा है। इनमें पांच सीटें स्नातक और छह शिक्षक कोटे की हैं। सपा पहले ही कई प्रत्याशी घोषित कर चुकी है और भाजपा पांच प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर चुकी है। मेरठ खंड स्नातक सीट से वर्तमान एमएलसी दिनेश कुमार गोयल को छोड़ पांचों चेहरे रिपीट हैं। इनमें अवनीश कुमार सिंह, डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह, उमेश द्विवेदी, श्रीचंद शर्मा और डा. हरी सिंह ढिल्लो शामिल हैं।
टिकट की गारंटी पर उलटफेर संभव
बाकी बची छह सीटों पर पार्टी नए चेहरे उतारने की तैयारी में हैं। इसके लिए जिताऊ चेहरे तलाशे जा रहे हैं। आगरा खंड शिक्षक सीट से पिछला चुनाव आकाश अग्रवाल निर्दलीय जीते थे। सूत्रों का कहना है कि इस बार वे भाजपा से लड़ना चाहते हैं। इसकी कवायद महीनों पहले से चल रही है। हाल ही में जब वे भाजपा मुख्यालय में टहलते देखे गए तो इन चर्चाओं को बल मिल गया। हालांकि पार्टी का एक धड़ा उनकी एंट्री का विरोध कर रहा है। इसके पीछे उनके कई तर्क हैं। भाजपा में टिकट के दावेदार भी उनकी आमद नहीं चाहते। उधर, शिक्षक दल के ध्रुव कुमार त्रिपाठी को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है। खबर है कि पार्टी भी उन्हें साथ लाना चाहती है। भाजपा सूत्रों का तो यहां तक कहना है कि एक और मौजूदा एमएलसी भी संपर्क में हैं। मगर वे टिकट की शत-प्रतिशत गारंटी मिलने पर ही पत्ते खोलना चाहते हैं।
स्नातक कोटे की पांच सीटें-
1-लखनऊ खंड स्नातक सीट-अवनीश कुमार सिंह (भाजपा)
2-आगरा खंड स्नातक सीट- डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह (भाजपा)
3-मेरठ खंड स्नातक सीट- दिनेश कुमार गोयल (भाजपा)
4-इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट-मान सिंह यादव (सपा)
5-वाराणसी खंड स्नातक सीट-आशुतोष सिन्हा (सपा)
शिक्षक कोटे की छह सीटें-
1-लखनऊ खंड शिक्षक सीट-उमेश द्विवेदी (भाजपा)
2-मेरठ खंड शिक्षक सीट- श्रीचंद शर्मा (भाजपा)
3-बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक सीट- डा. हरी सिंह ढिल्लों (भाजपा)
4-वाराणसी खंड शिक्षक सीट- लाल बिहारी यादव (सपा)
5-गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट- ध्रुव कुमार त्रिपाठी (शर्मा गुट/शिक्षक दल)
6-आगरा खंड शिक्षक सीट-आकाश अग्रवाल (निर्दलीय)




साइन इन