केजीएमयू गेट के बाहर मेडिकल छात्रा से छेड़छाड़, बाइक से कुचलने की कोशिश
केजीएमयू गेट के बाहर मेडिकल छात्रा से छेड़छाड़ की घटना हुई। बाइक सवार ने छात्रा को कुचलने का भी प्रयास किया। शोर सुनकर लोगों के दौड़ाने पर बाइक सवार ने दो गाड़ियों में टक्कर मारी और वहां से फरार हो गया।

यूपी के लखनऊ में केजीएमयू की मेडिकल छात्रा से देर रात संस्थान के गेट के बाहर बाइक सवार ने छेड़छाड़ की। विरोध पर उसे कुचलने का प्रयास किया। लड़की ने डरकर शोर मचा दिया। शोर मचाने पर लोग दौड़कर आए। भीड़ जमा होने लगी तो शोहदा धमकाते हुए भागा और पिंक बूथ के पास उसने दो गाड़ियों में टक्कर मार दी। घटना के बाद से पीड़िता दहशत में है। मेडिकल छात्रा के पिता ने चौक कोतवाली में शिकायत की है।
मामले में पीड़िता के पिता के मुताबिक बेटी मंगलवार रात करीब 10 बजे केजीएमयू से शिफ्ट खत्म होने के बाद घर लौट रही थी। गेट के बाहर वह ओला कैब का इंतजार कर रही थी। इस बीच एक बाइक सवार पहुंचा। उसने छेड़छाड़ की। विरोध पर धमकी दी। बेटी भागी तो उसे कुचलने का प्रयास किया। वह बहुत डर गई। शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग दौड़े तो शोहदा भागा। भागते समय उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। उसने एक आटो और फिर बाइक में टक्कर मारी। फिर पिंक बूथ के चबूतरे में घुस गया। इसके बाद भाग निकला।
घटना से केजीएमयू चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। मेडिकल छात्रा दहशत में थी। वहां से छात्रा वापस भागकर संस्थान पहुंची। उसने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। अगले दिन पीड़िता के पिता ने चौक कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू की गई है। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि छात्रा के पिता ने थाने में शिकायत की है। मामले में जांच की जा रही है और आरोपी की भी तलाश शुरू कर दी गई है।
आरोपी की तलाश जारी
चौक पुलिस ने पिंक बूथ के पास लगे सीसीटीवी की वीडियो फुटेज से घटना के साक्ष्यों को संकलित कर दिया है। पुलिस की तफ्तीश में पता चला कि आरोपी घटना के बाद चरक चौराहे की ओर भागा था। अब पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। वहीं, साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस ने अन्य जगहों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। इससे आरोपी के भागने की जानकारी मिली है।
मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द उसे पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पीड़िता बेहद डरी हुई है। पीड़िता के पिता का कहना है कि छात्रा घटना के बाद से सदमे में है।




साइन इन