किशोर को सिगरेट पिलाकर बनाया वीडियो, फिर करने लगे ब्लैकमेल, दोस्तों की करतूत ऐसे उजागर
लखनऊ के राजाजीपुरम में एक 16 वर्षीय किशोर को सिगरेट पिलाकर उसका वीडियो बनाने और फिर उसे ब्लैकमेल कर घर से लाखों के जेवर चोरी कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोर को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।

Lucknow news: लखनऊ के राजाजीपुरम इलाके में 16 वर्षीय किशोर को उकसाकर दो दोस्तों ने सिगरेट पिलाई और वीडियो बना लिया। फिर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगे। जब मन करता उसे पार्क में बुलाते, चाटे मारते। इतना ही नहीं घर के लाकर में रखे लाखों रुपये कीमत के जेवर भी ऐंठ लिए। किशोर के घरवाले जब शादी समारोह में जाने के लिए तैयार हुए उन्होंने लॉकर खोला तो जेवर गायब देख सन्न रह गए। पूछताछ में किशोर ने रोते हुए आपबीती सुनाई। किशोर मां की तहरीर पर तालकटोरा पुलिस ने दो नाबालिग दोस्तों उनके माता पिता, नाना और रिश्ते की बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इंस्पेक्टर तालकटोरा इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे के मुताबिक मुकदमा राजाजीपुरम सेक्टर-13 निवासी पूनम तिवारी ने दर्ज कराया है। पूनम ने तहरीर देकर बताया कि 10 दिसंबर 2025 को उनका बेटा घर के बाहर अपने दो दोस्तों के साथ था। दोस्तों की भी यही उम्र है। दोनों ने उसे उकसाकर जबरन सिगरेट पिलाई और उसका वीडियो बना लिया। फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे मुर्गा बना कर प्रताड़ित किया। इसके बाद उसे ब्लैकमेल करने लगे। फोन कर मिलने के लिए बुलाते, धमकाते और थप्पड़ मारते थे। बेटे को ब्लैकमेल कर रुपये और जेवर उगाही शुरू कर दी। वीडियो वायरल होने और बदनामी से किशोर बहुत डर गया। वह दोनों के कहने पर घर की अलमारी खोलकर जेवर और रुपये निकालकर दोनों को देता था। वारदात में दोनों के घरवाले और एक रिश्ते की बहन भी शामिल थी। उक्त लोगों ने लाखों के जेवर हड़प लिए।
धमकी का वीडियो और ऑडियो भी मिला
पूनम ने बताया कि बेटे के दोस्तों के घरवालों से जब बातचीत हुई तो उन्होंने जेवर हड़पने वाली बात स्वीकारी। उन्होंने यह भी बताया कि जेवर किसी को बच्चों ने बेच दिए हैं। इसके अलावा मोबाइल भी बेचा है। पूनम ने बताया कि घर के मोबाइल में ऑटो कॉल रिकार्डिंग थी। उस मोबाइल से बेटा अपने दोस्तों से बात करता था। उनकी ब्लैकमेलिंग की वह रिकार्डिंग मोबाइल में साक्ष्य के तौर पर सेव है।
शादी में जाने से पूर्व अलमारी खोली तो जेवर गायब थे
पूनम के मुताबिक कानपुर में एक रिश्तेदार के घर शादी थी। वहां सबको शरीक होना था। अलमारी और लॉकर खोला तो उसमें रखे जेवर गायब थे। घरवालों से पूछताछ के बाद बेटे से पूछा। वह रोने लगा और फिर उसने यह जानकारी दी। इसके बाद उसके दोस्तों के घर पहुंचे। दोस्तों और उनके घरवालों ने घटना तो स्वीकार की लेकिन जेवर नहीं वापस किये, उल्टा धमकाने लगे। इसके बाद मुकदमा दर्ज कराया गया।
ऐसे मामलों में बच्चों को चाहिए परिवार का भरोसा
मानसिक रोग विशेषज्ञ व अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने कहा कि किशोरावस्था में बदनामी का डर बच्चों को चुप रहने पर मजबूर कर देता है। ब्लैकमेलिंग के कारण किशोर तनाव, घबराहट और आत्मग्लानि का शिकार हो जाते हैं। ऐसे मामलों में परिवार को बच्चों को डांटने के बजाय उसकी बात धैर्य से सुनना और उन्हें भरोसा देना चाहिए।




साइन इन