गंगा एक्सप्रेसवे के कार्यक्रमों का जायजा लेंगे योगी, हरदोई में करेंगे सुनासीर नाथ महादेव मंदिर में दर्शन
यूपी के हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 29 अप्रैल को होने वाली जनसभा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 अप्रैल के बजाय गुरुवार को मल्लावां पहुंचकर तैयारियों की हकीकत परखेंगे।

यूपी के हरदोई में गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 29 अप्रैल को होने वाली जनसभा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 अप्रैल के बजाय गुरुवार को मल्लावां पहुंचकर तैयारियों की हकीकत परखेंगे। सीएम के आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अनुनय झा समेत पूरा प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ मल्लावां में ही बैठक कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम करीब चार बजे मल्लावां पहुंचेंगे।
यहां वे गंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़े कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे सुनासीर नाथ महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। इससे पहले जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह ‘आशू’ ने बंदीपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था। मंच निर्माण, बेरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधाएं और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन के अनुसार, प्रस्तावित जनसभा में हरदोई सहित आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
आने को हैं मोदी
29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा और गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर पंडाल और पार्किंग व्यवस्था के लिए आसपास के गांवों की बड़ी मात्रा में जमीन अस्थायी रूप से अधिग्रहित की गई है। बांदीपुर, श्यामपुर, मुस्तफाबाद और कल्याणपुर गांवों के करीब 1140 किसानों की लगभग 600 बीघा जमीन कार्यक्रम के लिए घेरी गई है। इस भूमि पर पंडाल और पार्किंग स्थल तैयार किए जा रहे हैं, करीब डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित किसानों को मुआवजा देना शुरू कर दिया गया है। राजस्व निरीक्षक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि जिन किसानों की जमीन ली गई है, उन्हें प्रति हेक्टेयर 17,000 रुपये के हिसाब से चेक वितरित किए जा रहे हैं। अब तक लगभग 34 लाख की धनराशि किसानों में वितरित की जा चुकी है। किसानों को उनकी घेरी गई जमीन के अनुपात में भुगतान किया जा रहा है।
बरेका में हेलीपैड तैयार, बनने लगे पंडाल
यूपी के वाराणसी में बरेका इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा की ओर से प्रस्तावित महिला सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार से अलग-अलग पंडाल का निर्माण शुरू हो गया। इसके लिए सामग्रियां ट्रकों से गिराई गईं। वहीं, बरेका स्टेडियम में तीन हेलीपैड भी लगभग तैयार हो गए हैं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 अप्रैल की शाम सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे।




साइन इन