यूपी को 60 हजार नए सिपाही मिले; CM योगी पासिंग आउट परेड में हुए शामिल, बोले- अब दंगे नहीं होते
यूपी पुलिस को आज 60,244 नए सिपाही मिल गए हैं। प्रदेशभर के 112 ट्रेनिंग सेंटरों पर पासिंग आउट परेड के बाद जिलों में ये ड्यूटी जॉइन करेंगे। सीएम योगी ने लखनऊ में परेड के दौरान महिला जवानों की सलामी ली। इस दौरान सीएम योगी ने सरकार का उपलब्धियां गिनाईं।

यूपी पुलिस को रविवार से 60,244 नए सिपाही मिल गए हैं। प्रदेश के 112 प्रशिक्षण केंद्रों पर आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद ये सभी नव-नियुक्त सिपाही अब अपने-अपने जिलों में ड्यूटी जॉइन करेंगे। राजधानी लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परेड की सलामी ली और खुली जिप्सी में बैठकर निरीक्षण किया। इस दौरान महिला सिपाहियों की मौजूदगी खास आकर्षण रही। मुख्यमंत्री ने कॉन्सटेबल नेहा यादव को बेस्ट कैडेट का सम्मान प्रदान किया।
सिपाहियों को इंसास राइफल से ट्रेनिंग दी गई- योगी
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्दी की सबसे बड़ी ताकत अनुशासन होता है। उन्होंने कहा, “प्रशिक्षण में जितना पसीना बहाया जाता है, भविष्य में उतना ही कम खून बहाने की नौबत आती है।” उन्होंने महिला सिपाहियों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि बेटियों ने जिस अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण पूरा किया है, वह प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस बार सिपाहियों को पारंपरिक थ्री नॉट थ्री राइफल के बजाय आधुनिक इंसास राइफल से प्रशिक्षण दिया गया है, जिससे उनकी कार्यक्षमता और दक्षता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि जब उन्हें जानकारी मिली कि दीक्षांत परेड में बड़ी संख्या में महिला सिपाही भाग ले रही हैं, तो उन्होंने स्वयं इसमें शामिल होने का निर्णय लिया।

यूपी में आज माफिया राज खत्म हो चुका है- योगी
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। “आज यूपी में माफिया राज समाप्त हो चुका है। गुंडा टैक्स और अवैध वसूली पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। अपराधियों में पुलिस का भय है और पुलिस का मनोबल ऊंचा है। उन्होंने सिपाहियों को नसीहत देते हुए कहा कि वे अपराधियों के प्रति कठोर और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील रहें, और निष्ठा के साथ कर्तव्य का पालन करें।

2017 के मुकाबले पुलिस बजट तीन गुना बढ़ा- योगी
उन्होंने भरोसा जताया कि ये सभी सिपाही यूपी पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही यह भी बताया कि वर्ष 2017 के मुकाबले पुलिस का बजट तीन गुना बढ़ाया गया है और प्रशिक्षण क्षमता, जो पहले मात्र 3 हजार थी, अब बढ़ाकर 60 हजार कर दी गई है। महिला सुरक्षा को लेकर भी कई कदम उठाए गए हैं, जिनमें हर थाने में मिशन शक्ति केंद्र की स्थापना और पीएसी की तीन महिला बटालियन का गठन शामिल है।
सीएम योगी ने इस महिला आरक्षियों को दिया पुरस्कार
दीक्षांत परेड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों पुरस्कार पाकर आरक्षियों का हौसला भी बढ़ा। महिला आरक्षी नेहा यादव को तीन, सोनम को दो व रिया सिंह कुशवाहा को एक पुरस्कार प्रदान किया गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न प्रदान किया। डीजीपी ने दीक्षांत परेड में आरक्षियों को शपथ भी दिलाई।
परेड कमांडर प्रथम- महिला रिक्रूट आरक्षी नेहा यादव
परेड कमांडर द्वितीय- महिला रिक्रूट आरक्षी रिया सिंह कुशवाहा
परेड कमांडर तृतीय- महिला रिक्रूट आरक्षी कुमारी सोनम
अंतः विषय टॉपर (समग्र कोर्स)- कुमारी नेहा यादव
वाह्य विषय टॉपर (समग्र कोर्स)- कुमारी सोनम
सर्वांग सर्वोत्तम पुरस्कार- कुमारी नेहा यादव




साइन इन