क्राइम पेट्रोल देख की प्रेमिका के दूसरे प्रेमी की हत्या, गूगल पर सर्च किए पुलिस से बचने के तरीके
यूपी के फिरोजाबाद में थाना टूंडला पुलिस व सर्विलांस टीम ने रविवार की रात्रि में जरौली कट पर की गई दुकानदार की हत्या का खुलासा करते हुए हत्याभियुक्त को गिरफ्तार किया है। हत्या की पृष्ठभूमि में एक महिला से मृतक व अभियुक्त दोनों के अवैध सम्बंध का होना सामने आया है।

यूपी के फिरोजाबाद में थाना टूंडला पुलिस व सर्विलांस टीम ने रविवार की रात्रि में जरौली कट पर की गई दुकानदार की हत्या का खुलासा करते हुए हत्याभियुक्त को गिरफ्तार किया है। हत्या की पृष्ठभूमि में एक महिला से मृतक व अभियुक्त दोनों के अवैध सम्बंध का होना सामने आया है। महिला ने दूसरे प्रेमी के आने पर उससे मुंह फेर लिया जो उसे नागवार गुजरा। क्राइम पेट्रोल को देख युवक की हत्या का तानाबाना बुना व गूगल पर हत्या के लिए पुलिस से बचने के तरीकों को सर्च कर महिला के दूसरे प्रेमी की हत्या कर डाली। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने थाना टूंडला पर गुरुवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 45 वर्षीय तेजपाल पुत्र शेर सिंह यादव निवासी गांव उलाऊ जो जरौलीकट पर चाय की दुकान करता था। जिसकी 16 मार्च की रात्रि में हत्या कर दी गई थी। थाने में हत्याभियुक्त के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। रिपोर्ट के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने हत्या के खुलासे के लिए 4 टीमें बनाईं। टीमों ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। अभियुक्त को राजा का ताल से नागऊ जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया है। हत्या की पृष्ठभूमि में मृतक के महिला से अवैध सम्बंध सामने आए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त मुकेश पुत्र मुकट सिंह निवासी जलोपुरा ने बताया कि क्राइम पेट्रोल सीरियल देखकर उसने तेजपाल की हत्या की थी।
यह था हत्या किये जाने का कारण
अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह फैक्ट्री में मजदूरी करता है। गांव की ही महिला के पति से उसकी दोस्ती थी और उसके घर आने जाने से युवक की पत्नी से उसके अवैध संबंध बन गए थे। कुछ समय के बाद उसी महिला के मृतक तेजपाल से भी अवैध सम्बंध हो गए तो उसने अभियुक्त से बात करने से मना कर दिया। फिर तेजपाल को रास्ते से हटाने का निर्णय ले लिया। गूगल पर सर्च कर उसने देखा कि हत्या कैसे ही जाए जिससे पुलिस की पकड़ में भी न आए। जिस दिन वह तेजपाल की हत्या को गया उस दिन वह खोखे के पीछे से आया था ताकि सीसीटीवी में नहीं आए।
वह स्टील का बांक और रसोई में प्रयोग होने वाली मूसली लेकर आया। पहले उसने सिर पर प्रहार किया। इसके बाद चेहरे पर प्रहार कर तेजपाल की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह वहां से चला गया। दूसरे दिन सोमवार को जब तेजपाल की हत्या की जानकारी उसके परिजनों को हुई तो उन्होंने पड़ौसी दुकानदार पर शक जाहिर कर मुकदमा दर्ज करा दिया था। पुलिस ने भी हत्या के मुकदमे में पड़ौसी दुकानदार को हिरासत में ले लिया था। बाद में सीसीटीवी कैमरा आदि देखकर पुलिस को जानकारी हुई कि तेजपाल की हत्या मुकेश पुत्र मुकट सिंह निवासी जलोपुरा ने की है। गुरुवार को उसे राजा का ताल से नागऊ जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयोग मूसली व बांक भी बरामद हुआ।
कटी उंगली मिली गायब
हत्या के दौरान तेजपाल की उंगली कट गई थी। जिसको आरोपी ने वहीं पर छोड़ दिया था। पुलिस ने बताया कि संभव है कि उंगली को कोई जंगली जानवर खा गया होगा, क्योंकि पुलिस को मौके पर कटी उंगली नहीं मिली थी।
अभियुक्त से मृतक के परिजनों की कराई बात
मृतक के परिवार ने हत्याभियुक्त मुकेश से कई प्रश्न पूछे और हत्या के कारणों का पता लगाया। जब वे उसके सवालों से संतुष्ट हो गए तो उन्होंने भी उसको फिर हत्याभियुक्त स्वीकार कर लिया। पुलिस ने सही हत्याभियुक्त को जेल भेज दिया है।
पुलिस की सजगता से बचा पड़ोसी दुकानदार
पुलिस की सजगता से पड़ोसी दुकानदार हत्या से बच गया अन्यथा उसे जेल जाना पड़ता। मृतक के परिजनों ने हत्या की शक पड़ोसी दुकानदार जताया था। पुलिस ने हिरासत में भी ले लिया था लेकिन सही आरोपी दबोचने से पड़ोसी बच गया।
अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम
हत्याभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी टूंडला अनिल कुमार सिंह, निरीक्षक मुकेश कुमार प्रभारी सर्विलांस सेल मय सर्विलांस टीम, उप निरीक्षक शैलेन्द्र शर्मा, कांस्टेबिल भूरी सिह, गौरव कुमार, हरवेन्द्र सिह, आशीष ठेनुआ, आशीष राजपूत थाना टूण्डला शामिल रहे।




साइन इन