agra road accident 5 killed bolero hit tree kailadevi pilgrims etawah auraiya family news आगरा में भीषण हादसा, बोलेरो पेड़ से टकराई, बच्ची समेत परिवार के पांच लोगों की मौत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

आगरा में भीषण हादसा, बोलेरो पेड़ से टकराई, बच्ची समेत परिवार के पांच लोगों की मौत

आगरा के चित्राहट क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में कैला देवी दर्शन कर लौट रहे परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें एक पूर्व फौजी और 3 साल की बच्ची ने भी दम तोड़ दिया।

Fri, 20 March 2026 08:18 AMYogesh Yadav जैतपुर (आगरा) हिन्दुस्तान
share
आगरा में भीषण हादसा, बोलेरो पेड़ से टकराई, बच्ची समेत परिवार के पांच लोगों की मौत

Agra News: ताजनगरी आगरा के चित्राहट थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक ऐसा मंजर देखने को मिला जिसने प्रत्यक्षदर्शियों की रूह कपा दी। राजस्थान स्थित प्रसिद्ध कैला देवी माता के दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। आगरा-इटावा मार्ग पर एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक विशाल पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक 70 वर्षीय पूर्व फौजी और उनकी तीन साल की मासूम नातिन भी शामिल है।

दर्शन कर लौट रहा था परिवार, बीच रास्ते काल ने घेरा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र स्थित नगला बर निवासी पूर्व फौजी कामता प्रसाद (70) अपने पूरे परिवार के साथ राजस्थान के करौली में आयोजित कैला देवी मेले में दर्शन करने गए थे। परिवार के सदस्य दो अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। गुरुवार रात करीब 11 बजे, जैसे ही उनकी बोलेरो (यूपी 75 एयू 7234) चित्राहट थाना क्षेत्र के जैतपुर रोड पर पहुँची, अचानक चालक ऋषि (20) ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार बोलेरो सीधे सड़क किनारे एक पेड़ में जा घुसी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लखनऊ में एक और जघन्य हत्याकांड, किशोरी से की दरिंदगी की कोशिश, कपड़े फाड़े

पीछे की दूसरी गाड़ी में चल रहे अन्य परिजनों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा, तो उनकी चीखें निकल गईं। उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी और आसपास के लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने की जद्दोजहद शुरू की।

हादसे में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार

इस भीषण सड़क हादसे ने इटावा और औरैया के दो परिवारों को गहरे जख्म दिए हैं। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय कामता प्रसाद, उनके पुत्र देवेंद्र (35), बहू सीमा (32), और तीन वर्षीय मासूम नातिन आरध्या (पुत्री नीरज) के रूप में हुई है। बोलेरो चला रहे औरैया निवासी ऋषि (20) की भी इस दुर्घटना में जान चली गई।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए बाह स्थित मोर्चरी भेजा। वहीं, गंभीर रूप से घायल रोशनी (22), अवनीश (20), आदित्य (13) और ऋषभ को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहाँ उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भाजपा के दो गुटों में बीच सड़क धांय-धांय, अलीगढ़ गोलीबारी का खौफनाक वीडियो देखिए
ये भी पढ़ें:नीला ड्रम कांड: मुस्कान-साहिल की मुश्किलें बढ़ीं, शिमला के होटल मैनेजर ने पहचाना

नकदी और कीमती सामान गायब होने के आरोप

हादसे के बाद शोक में डूबे परिजनों ने एक गंभीर आरोप भी लगाया है। कामता प्रसाद के रिश्तेदारों का कहना है कि उनकी जेब में यात्रा और दर्शन के लिए काफी नकदी और कुछ कीमती सामान था, जो दुर्घटनास्थल पर तलाशी के दौरान नहीं मिला। परिजनों को अंदेशा है कि हादसे के बाद मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर किसी ने सामान पार कर दिया। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

जिला प्रशासन और पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित और निशुल्क उपचार के निर्देश दिए हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।