कानपुर में बिकने जा रहीं 5 शत्रु संपत्तियां, 13 करोड़ में नीलामी की तैयारी; जानें डिटेल
सर्वे में पांचों संपत्तियों की कीमत 13.31 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसमें 12.54 करोड़ रुपये जमीन की कीमत और 76.26 लाख रुपये निर्माण मूल्य है। जमीन का क्षेत्रफल निर्माण समेत 1922.34 वर्गमीटर निकला है। भूमि का क्षेत्रफल 1195 वर्गमीटर है। अब इन संपत्तियों को वर्तमान सर्किल रेट से नीलाम किया जाएगा।
UP News : कानपुर की पांच शत्रु संपत्तियों को 13 करोड़ में नीलामी की तैयारी है। जांच कमेटी ने एक-एक संपत्ति का वैल्यूएशन करके रिपोर्ट सौंप दी है। इन संपत्तियों का क्षेत्रफल 1922 वर्गमीटर है। वर्तमान सर्किल रेट के हिसाब से संपत्तियों की दरें तय की गई हैं। अब कस्टोडियन की सहमति के बाद इन संपत्तियों को नीलाम किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सर्वे कराकर पाक नागरिक आमना खातून पत्नी उस्मान पुत्र मौला बक्स, उमर फारुख पुत्र मौला बक्स, आबिद रहमान पुत्र हमीदुरुहमान, व अन्य की संपत्तियों को शत्रु संपत्ति घोषित किया था। सर्किल रेट बढ़ने के कारण इन संपत्तियों का दोबारा मूल्यांकन किया गया। इसके लिए एसडीएम सदर, तहसीलदार सदर, सहायक महानिरीक्षक निबंधन और अधिशासी अभियंता निर्माण खंड भवन पीडब्ल्यूडी के अफसरों की कमेटी बनाई गई थी। कमेटी ने सर्वे करके रिपोर्ट सौंप दी है।
सर्वे में पांचों संपत्तियों की कीमत 13.31 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसमें 12.54 करोड़ रुपये जमीन की कीमत और 76.26 लाख रुपये निर्माण मूल्य है। जमीन का क्षेत्रफल निर्माण समेत 1922.34 वर्गमीटर निकला है। इसमें भूमि का क्षेत्रफल 1195 वर्गमीटर है। अब इन संपत्तियों को वर्तमान सर्किल रेट से नीलाम किया जाएगा। इसके लिए कस्टोडियन को पूरी रिपोर्ट भेजी गई है। जिससे उनको बेचने की स्थिति साफ हो सके। लंबे समय से संपत्तियों को बेचने की प्रक्रिया फंसी हुई है।
रामजानकी मंदिर समेत अन्य शत्रु संपत्तियों पर प्रशासन का कब्जा होने के बावजूद इनमे लगातार अवैध कब्जे हो रहे हैं। पांच संपत्तियों में करीब 30 से ज्यादा परिवार अवैध तरीके से रह रहे हैं। कई में कॉमर्शियल गतिविधियां भी हो रही हैं। ऐसे में लंबे समय से रह रहे लोगों से कस्टोडियन किराया भी वसूल सकता है। इसकी भी रूपरेखा तैयार हो रही है। उनसे 1952 से किराया वसूला जा सकता है। उसकी भी दरें तय हो सकती हैं।
एक नजर में मूल्यांकन स्थिति
संपत्ति क्षेत्रफल मूल्यांकन
-99/14 ए बेकनगंज 283.50 वर्गमीटर 1.87 करोड़
-88/21 चमनगंज 1113.84 वर्गमीटर 7.33 करोड़
-88/21ए चमनगंज 253.48 वर्गमीटर
-88/21 बी चमनगंज 135.76 वर्गमीटर
-88/21सी चमनगंज 135.76 वर्गमीटर 4.09 करोड़
क्या बोले अधिकारी
एडीएम सिटी आलोक गुप्ता ने कहा कि शत्रु संपत्ति का मूल्यांकन रिपोर्ट आने के बाद अब कस्टोडियन से विचार विमर्श कियाा जाएगा। कस्टोडियन के निर्देश के बाद उसको नीलाम और किराया वसूलने पर निर्णय किया जाएगा।




साइन इन