टॉफी चुराने पर बेटी को पीटकर मार डाला, यूपी में गुस्साए पिता ने किया दिल दहलाने वाला मर्डर
यूपी के बुलंदशहर में दिल दहलाने वाला मर्डर सामने आया है। पिता ने टॉफी चुराने पर बेटी को पीटकर मार डाला। बेटी को बचाने और विरोध पर उसने अपनी पत्नी को भी पीट दिया।

यूपी के बुलंदशहर में नवरात्रों में जहां लोग कन्या पूजन कर रहे थे, वहीं एक क्रूर पिता ने टॉफी चुराने की शिकायत पर अपनी 12 वर्षीय बेटी को डंडे से पीटकर मार डाला। बच्ची को बचाने आई पत्नी की भी पिटाई कर घर की कुंडी बंद कर फरार हो गया। पत्नी ने आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला नरौरा थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुर का है। घटना के बाद आरोपी ने घर के किसी सदस्य को शोर तक नहीं मचाने दिया।
ग्राम रतनपुर में पूजा (12 वर्ष) के पिता पुष्पेंद्र से गुरुवार को गांव के एक दुकानदार ने शिकायत की कि उनकी बेटी दुकान से टॉफी का डिब्बा चोरी कर लाई है। इस पर पुष्पेंद्र ने पूजा को डंडे से बुरी तरह पीटा। पिटाई इतनी बेरहमी से की गई कि मासूम पूजा की कुछ ही देर बाद मौत हो गई। इससे पहले बच्ची को बचाने आई उसकी मां आरती को पिटाई कर घायल कर दिया। घटना के बाद पुष्पेंद्र ने पहले घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और पत्नी आरती को शोर भी नहीं मचाने दिया।
गुरुवार देर शाम पुष्पेंद्र घर का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया। पुष्पेंद्र के जाने के बाद घायल मां आरती ने शोर मचाकर ग्रामीणों की मदद से दरवाजा खुलवाया, तब जाकर गांव में लोगों को इस घटना का पता चल सका। ग्रामीणों ने शुक्रवार को पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर गहनता से जांच कराई।
पत्नी आरती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया
नरौरा थाना प्रभारी गंगा प्रसाद राजपूत ने बताया कि पूजा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। आरोपी की पत्नी आरती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। बुलंदशहर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि टॉफी चुराने की शिकायत पर पिता ने गुस्से में आकर बेटी को मार दिया। मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी पिता पुष्पेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




साइन इन