देखता हूं परसों मेरा जहाज जेवर एयरपोर्ट पर उतरने देते हैं कि नहीं; अखिलेश बोले- कई बार रोका है प्लेन
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि देखता हूं परसों मेरा जहाज जेवर एयरपोर्ट पर उतरने देते हैं कि नहीं। अखिलेश ने कहा कि कई बार उनका प्लेन रोका गया है। अखिलेश यादव ने ये बातें एक टीवी चैनल के इंटरव्यू में कहीं।

UP News: उत्तर प्रदेश में जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन 28 मार्च को पीएम मोदी करेंगे। इस बीच जेवर एयरपोर्ट को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव का एक बयान समाने आया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि देखता हूं परसों कि मेरा जहाज जेवर एयरपोर्ट पर उतरने देते हैं कि नहीं? अखिलेश ने कहा कि कई बार उनका प्लेन रोका गया है। अखिलेश यादव ने ये बातें एक टीवी चैनल के इंटरव्यू में कहीं। सपा अध्यक्ष अखिलेश ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के समय सरकार उन किसानों को समारोह में सबसे आगे की पंक्ति में बिठाएगी जिनकी जमीनें उसने ली है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि हालांकि जेवर एयरपोर्ट बहुत पुराना प्रोजेक्ट है। मायावती जी यह एयरपोर्ट बनाना चाहती थीं लेकिन किसी वजह से यह प्रोजेक्ट रुक गया था। अखिलेश ने कहा कि अगर दोबारा किसी सरकार ने इस फाइल को आगे बढ़ाया तो वह समाजवादी सरकार थी। इसका फैक्ट चेक कर लीजिएगा। उस समय तीन एयरपोर्ट की मांग की गई थी। एक फरीदाबाद हिरन गांव आगरा के पास, दूसरा सैफई और तीसरा जेवर। जब भारत ने एनओसी दोनों पर नहीं दी हिरन गांव और सैफई की। भारत सरकार चाहती है कि केवल जेवर एयरपोर्ट बने तो हमने कहा कि जेवर एयरपोर्ट बने।
जेवर एयरपोर्ट पर उतरने की मांगी है अनुमति
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी विकास के खिलाफ नहीं रही है। सरकार किसी की भी हो, बात अगर विकास एवं प्रगति की आती है तो सपा हमेशा साथ देती है। इससे पहले गुरुवार को लखनऊ में एक प्रेसवार्ता में भी अखिलेश यादव ने कहा था कि 29 को नोएडा दादरी में मेरी सभा है। मैंने जेवर एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति मांगी है अगर अनुमति मिली था तो मान लूं कि एयरपोर्ट चालू हो गया है।
29 को चुनावी प्रचार का शंखनाद करेंगे अखिलेश
दरअसल, 28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट के लोकार्पण के बाद सपा के मुखिया अखिलेश यादव 29 मार्च को गौतमबुद्ध नगर(नोएडा) के मिहिर भोज डिग्री कॉलेज मैदान में बड़ी रैली करेंगे। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव 2027 के लिए प्रचार की शुरुआत करेंगे। यह रैली 2027 के चुनाव की शंखनाद रैली होगी। रैली की तैयारियों में पार्टी के बड़े पदाधिकारी, बूथवार कमिटी और स्थानीय कार्यकर्ता पूरी तरह जुटे हैं।
140 विधानसभा सीटों पर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी
इस रैली के जरिए सपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 32 जिलों में फैली 140 विधानसभा सीटों पर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में जुटी है। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि दादरी रैली पश्चिमांचल की 140 सीटों पर सपा की दावेदारी को नई दिशा देगी। अब देखना होगा कि यह रैली कितना असर छोड़ती है और 2027 के चुनावी मैदान में कितना बदलाव लाती है।




साइन इन