यूपी में यूरिया की कालाबाजारी में पीसीएफ जिला प्रबंधक समेत 4 सस्पेंड, 8 पर मुकदमा; 4 को जेल
यूपी के बुलंदशहर में यूरिया की कालाबाजारी में पीसीएफ जिला प्रबंधक समेत 4 सस्पेंड कर दिए गए हैं। पुलिस ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक-कर्मचारियों समेत आठ के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। चार आरोपियों को जेल भेजा गया है।
UP News: यूपी के बुलंदशहर में पीसीएफ गोदाम से यूरिया की कालाबाजारी कर अनूपशहर गंगा पुल से रविवार को तीन ट्रकों में पकड़े गए यूरिया के 1575 बोरे के मामले में जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर अनूपशहर कोतवाली पुलिस ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक-कर्मचारियों समेत आठ के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। चार आरोपियों को जेल भेजा गया है।
एआर कोऑपरेटिव ने पीसीएफ के प्रबंधक सहित अन्य कर्मचारियों के निलंबन की संस्तुति को आयुक्त एवं निबंधक लखनऊ को पत्र प्रेषित किया था, देर शाम शासन ने कार्रवाई करते हुए पीसीएफ के जिला प्रबंधक सहित लेखाकार और भंडारण नायक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। चारों को चित्रकूट मंडल के बांदा जिला में संबद्ध किया गया है। सहकारिता के प्रबंध निदेशक ने एआर कोऑपरेटिव को इसके आदेश भेज दिए हैं।
जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव ने रविवार को अनूपशहर गंगा पुल से तीन ट्रक पकड़े थे, इनमें यूरिया के 1575 बोरे बरामद हुए। ट्रक चालकों से पूछताछ में पता चला कि इन्हें संभल, रामपुर, मुरादाबाद और बदायूं ले जाया जा रहा था। पुलिस ने यूरिया जब्त कर ट्रक चालकों को हिरासत में लिया था। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक अमित कुमार त्यागी ने भी रात में मौके पर पहुंचकर जांच शुरू करा दी थी। पीसीएफ के जिला प्रबंधक दिव्यांशु वर्मा, सहायक लेखाकार यश राघव और भंडार नायक हरेंद्र प्रताप सिंह व रावेंद्र के निलंबन की संस्तुति आयुक्त एवं निबंधक लखनऊ को कर दी गई।
पीसीएफ के चार गोदाम सील
एआर कोऑपरेटिव अमित कुमार त्यागी ने सोमवार को पीसीएफ के गोदामों की सीलिंग की कार्यवाही शुरू कर दी। एआर कोऑपरेटिव ने बताया नई मंडी, ज्वार खेड़ा, सिकंदराबाद और गुलावठी स्थित पीसीएफ के चार गोदामों को सील कर दिया है। गोदाम में मौजूद स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया जाएगा और सभी दस्तावेजों को कब्जे में लिया है। कितना यूरिया किसानों को दिया और कितना स्टॉक है इससे संबंधित दस्तावेजों की जांच चल रही है।
कहना इनका...
बुलंदशहर एआर कोऑपरेटिव अमित कुमार त्यागी ने बताया कि पीसीएफ के चार गोदाम सील कर दस्तावेज कब्जे में लिए हैं। पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। सभी गोदामों पर निरीक्षण कर स्टॉक चेक किया जा रहा है। शासन ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक सहित लेखाकार और भंडारण नायक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव ने बताया कि अनूपशहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज करा दी है। पीसीएफ के गोदाम से खाद को दूसरे जिले में भेजा जा रहा था। जांच में विभाग पूरा सहयोग करेगा।
बलुंदशहर डीएम कुमार हर्ष ने बताया कि ईसी एक्ट के तहत अनूपशहर कोतवाली में एफआईआर दर्ज हो गई है। मौके पर मिले चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जो फरार हैं उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। खाद माफिया पर एनएसए लगाने की कार्रवाई भी कराई जाएगी।
चार आरोपियों को जेल भेजा
जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने पीसीएफ अधिकारियों सहित आठ लोगों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर अवैध रूप से यूरिया खाद ले जा रहे चार आरोपियों को जेल भेजा है। जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव ने बताया तीन ट्रकों में भरकर 1575 बैग खाद माफिया को विभागीय अधिकारियों ने पैसे के लालच में बेच दिया था। जिसका भुगतान खाद माफिया हारून द्वारा हरेंद्र सिंह को 4.50 लाख रुपये नगद तथा ₹1,00,000 क्यूआर कोड के माध्यम से बैंक खाते में भुगतान किया गया।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव ने डीएम की संस्तुति के बाद अनूपशहर कोतवाली में तहरीर देकर मोहम्मद हारुन निवासी हमीरपुर टांडा जिला रामपुर, असलम निवासी सैलानी शाहबाद रामपुर, शेर अली बिहटा बदायूं, सौपाल सिंह बहजोई सम्भल, हरेन्द्र पाल सिंह पीसीएफ कर्मचारी, यश राघव पीसीएफ कर्मचारी, जिला प्रबंधक पीसीएफ बुलंदशहर, रावेन्द्र भंडार नायक पीसीएफ बुलंदशहर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। अनूपशहर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि मौके पर पकड़े गए खाद माफिया के साथ ट्रक चालक को अदालत में प्रस्तुत किया गया है।
पीसीएफ जिला प्रबंधक सहित चार सस्पेंड
यूरिया की कालाबाजारी करने वाले सिंडिकेट के खिलाफ शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में पीसीएफ के जिला प्रबंधक सहित लेखाकार और भंडारण नायक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। चारों को चित्रकूट मंडल के बांदा जिला में संबद्ध किया है। सहकारिता के प्रबंध निदेशक ने एआर कोऑपरेटिव को आदेश भेज दिए हैं। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक अमित कुमार त्यागी ने बताया कि प्रबंधक निदेशक डा. चंद्र भूषण ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक दिव्यांशु वर्मा, सहायक लेखाकार यश राघव, भंडारण नायक हरेंद्र प्रताप व रावेंद्र को प्रथम दृष्टया दोषी मानते सस्पेंड कर दिया है। उक्त चारों को चित्रकूट मंडल के बांदा जिले में संबद्ध किया है।




साइन इन