अवैध कब्जों के मामले में डीएम टीम बनाकर करें कार्रवाई, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए हैं कि अवैध कब्जों के मामले में डीएम टीम बनाकर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि उत्पीड़न एवं अवैध कब्जों के मामलों में आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई भी की जाए।

UP News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए हैं कि भूमि विवाद एवं अवैध कब्जों से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उत्पीड़न एवं अवैध कब्जों के मामलों में आवश्यकता पड़ने पर कठोर कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने ये निर्देश सोमवार को सात कालीदास मार्ग स्थित आवास पर जनता दर्शन के दौरान दिए।
उन्होंने हर पीड़ित को न्याय और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति को दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। आवश्यकतानुसार अधिकारी मौके पर जाकर निरीक्षण करें और पीड़ितों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराएं। उन्होंने इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांगजन एवं युवा उपस्थित रहे। लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़ी समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने कहा कि ‘जनता दर्शन’ सरकार और आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है और उनका त्वरित समाधान संभव हो पाता है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोई भी फरियादी निराश नहीं लौटेगा और प्रत्येक समस्या का हरसंभव समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि ऐसा समाधान किया जाए, जिससे पीड़ित व्यक्ति पूरी तरह संतुष्ट हो और उसे बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी एवं जवाबदेही के साथ होना चाहिए, ताकि आमजन का शासन और प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
जनता का भरोसा
कार्यक्रम के दौरान जनता के बीच यह संदेश स्पष्ट रहा कि सरकार उनकी समस्याओं के प्रति सजग है। दूर-दराज से आए ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ आने पर उनकी बात सुनी जाती है और प्रभावी कार्रवाई भी होती है।




साइन इन