up bjp leaders meeting brajesh pathak house nigam board ayog appointments pankaj chaudhary keshav maurya dharmpal संगठन में सेट होने से छूटे नेताओं को आयोग-निगम में मौका! ब्रजेश के घर यूपी बीजेपी की अहम बैठक, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

संगठन में सेट होने से छूटे नेताओं को आयोग-निगम में मौका! ब्रजेश के घर यूपी बीजेपी की अहम बैठक

उत्तर प्रदेश में खाली पड़े निगमों, आयोगों और बोर्डों के पदों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है। रविवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के बीच लंबी बैठक हुई।

Mon, 23 March 2026 11:36 AMYogesh Yadav लखनऊ, विशेष संवाददाता
share
संगठन में सेट होने से छूटे नेताओं को आयोग-निगम में मौका! ब्रजेश के घर यूपी बीजेपी की अहम बैठक

उत्तर प्रदेश के निगमों, आयोगों और बोर्डों के खाली पदों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां जल्द ही हो सकती हैं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर रविवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश भाजपा के महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की बैठक में इस मसले पर विस्तृत चर्चा हुई। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर भी मंथन हुआ है।

जिला समितियों के गठन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। केवल गोरखपुर क्षेत्र के जिलों को लेकर विचार विमर्श किया जाना है, जिसके लिए अगले कुछ दिनों में बैठक हो सकती है। अब पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी के लिए भी प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, जिन कार्यकर्ताओं और नेताओं को संगठन में जगह नहीं मिल पाई है, उन्हें निगम, बोर्ड और आयोगों में समायोजित किया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बेटियों का उत्पीड़न, निषादों को ठगा; सरकार अपनी फिर क्यों मंच पर रोए संजय निषाद

पार्टी अगले साल चुनाव के पहले अपने कार्यकर्ताओं को समायोजित करने की दिशा में आगे बढ़ती दिख रही है। सूत्र बताते हैं कि रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक होनी थी। हालांकि, मुख्यमंत्री के शहर से बाहर होने की वजह से यह बैठक उनके आवास पर नहीं हो सकी तो इसका स्थान ब्रजेश पाठक का आवास तय किया गया। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस मसले पर फोन पर बातचीत की गई है। कमोबेश नाम तय हो चुके हैं।

हालांकि, इस संबंध में दिल्ली में बैठक के बाद सूची जारी की जाएगी। अगले साल उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इसके पहले पार्टी ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को संगठन या अन्य जगहों पर समायोजित करना चाहती है। अभी हाल ही में पार्टी ने शहरी निकायों में पार्षद नामित किए थे। बैठक के बाद ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया कि, आवास पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल से सपत्नीक शिष्टाचार भेंटकर कुशलक्षेम जाना।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ये भाजपा के साथ जाने पर पश्चाताप के आंसू हैं या…? संजय निषाद के रोने पर अखिलेश
ये भी पढ़ें:बसपा को बड़ा झटका दिग्गज मुस्लिम चेहरा और पैनलिस्ट एमएच खान सपा में हुए शामिल

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उपस्थित रहे। इस दौरान प्रदेश के विकास व संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर उनसे स्नेहिल भेंट कर केंद्रीय मंत्री व यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और यूपी भाजपा के महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के साथ प्रदेश के विकास और संगठनात्मक विषयों पर सार्थक चर्चा की।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।