यूपी: डिजिटल प्लेटफार्म से बड़ी साजिश का भंडाफोड़, पाकिस्तानी गैंगस्टर से जुड़े 4 संदिग्ध गिरफ्तार
अभियुक्तों के सोशल मीडिया और वीडियो कॉलिंग के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में होने तथा संवेदनशील स्थलों की रेकी, युवाओं को जोड़ने की साजिश में शामिल होने के तथ्य सामने आए हैं। ADG कानून व्यवस्था ने बताया कि थाना, एटीएस लखनऊ में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

UP News : उत्तर प्रदेश में डिजिटल प्लेटफार्म से चल रही बड़ी देशविरोधी साजिश का भंडाफोड़ हुआ है। यूपी एटीएस और यूपी एसटीएफ को पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल को ध्वस्त करने में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। दोनों द्वारा संयुक्त रूप से जांच करने के बाद यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल से जुड़े चार अभियुक्तों महकाब निवासी सहारनपुर, गगनदीप उर्फ गुरी सिंह निवासी मुजफ्फरनगर, शाहरुख निवासी सहारनपुर तथा मुशर्रफ निवासी हरिद्वार, को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है।
शुरुआती जांच में अभियुक्तों के सोशल मीडिया और वीडियो कॉलिंग के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में होने तथा संवेदनशील स्थलों की रेकी, युवाओं को जोड़ने और आतंकी और विध्वंसक गतिविधियों की साजिश में शामिल होने के तथ्य सामने आए हैं। यूपी के एडीजी कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि थाना, एटीएस लखनऊ में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आबिद जट द्वारा इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के जरिए यूपी के युवकों को स्लीपर सेल बनाने का मामला सामने आया था। पिछले महीने 23 अप्रैल को एटीएस ने तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और समीर खान को नोएडा से गिरफ्तार किया था। एटीएस सूत्रों के मुताबिक आईएसआई के इशारे पर दोनों इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर के सीधे संपर्क में थे। इंस्टाग्राम पर प्रसारित हथियारों के प्रदर्शन के एक वीडियो की जांच के दौरान पुलिस ने बिजनौर के मैजुल, उवैद और आजाद के अलावा मरेठ के आकिब को पकड़ा तो इंस्टाग्राम के जरिए अलग-अलग स्थानों पर आतंकी घटनाएं रचे जाने का बड़ा षड़यंत्र सामने आया था। मामले में आरोपी जुल्फिकार उर्फ राका, आरिफ मलिक और सुहेल उर्फ साहिल भी पकड़े गए थे।
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और ISI नेटवर्क से जुड़े दो और संदिग्ध आतंकी बाराबंकी के दानियाल अशरफ और कुशीनगर के कृष्णा मिश्रा को भी एटीएस ने गिरफ्तार किया था। एटीएस ने दावा किया कि ये दोनों आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए ही पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में आए थे। ये पाकिस्तान में बैठे आतंकियों द्वारा बनाए जा रहे माड्यूल का हिस्सा बन गए थे। पहले भी यूपी में आतंकी संगठनों के माड्यूल पकड़े जाते रहे हैं।




साइन इन