up agniveer indrajeet gupta death heart attack kashmir duty sitapur यूपी के अग्निवीर की कश्मीर में मौत, ड्यूटी के दौरान 24 साल के जवान को आया हार्ट अटैक, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी के अग्निवीर की कश्मीर में मौत, ड्यूटी के दौरान 24 साल के जवान को आया हार्ट अटैक

यूपी के सीतापुर के रहने वाले अग्निवीर जवान इंद्रजीत गुप्ता (24) का जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। रविवार को राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया।

Sun, 29 March 2026 03:34 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी के अग्निवीर की कश्मीर में मौत, ड्यूटी के दौरान 24 साल के जवान को आया हार्ट अटैक

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के हरगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पकरिया धापूपुर में आज गम और गौरव का मिला-जुला मंजर देखने को मिला। श्रीनगर-कुपवाड़ा सेक्टर में तैनात भारतीय सेना के अग्निवीर जवान इंद्रजीत गुप्ता (24) का पार्थिव शरीर रविवार को उनके पैतृक निवास लाया गया। शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अचानक आए हार्ट अटैक की वजह से इस जांबाज सैनिक का निधन हो गया था। रविवार दोपहर राजकीय सम्मान के साथ वीर जवान का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ा।

रगों में दौड़ती थी देशभक्ति

इंद्रजीत गुप्ता एक ऐसे परिवार से ताल्लुक रखते थे, जहां राष्ट्रसेवा सर्वोपरि है। उनके पिता अर्जुन लाल भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सैनिक हैं, जिन्होंने वर्षों तक सीमाओं की रक्षा की है। वहीं, इंद्रजीत के बड़े भाई वर्तमान में बिहार प्रांत में सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात होकर देश की सेवा कर रहे हैं। इसी पारिवारिक पृष्ठभूमि से प्रेरित होकर इंद्रजीत ने वर्ष 2022 में अग्निवीर के रूप में सेना ज्वाइन की थी। अभी वह अविवाहित थे और कश्मीर के चुनौतीपूर्ण और संवेदनशील कुपवाड़ा सेक्टर में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:काशी विश्वनाथ का क्राउड मैनेजमेंट बना मॉ़डल, सिस्टम समझने खुद आ रहे CM मोहन यादव

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

रविवार सुबह जैसे ही सेना के विशेष वाहन से शहीद का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, पूरा इलाका 'भारत माता की जय' के उद्घोष से गूंज उठा। अंतिम यात्रा में शामिल युवाओं ने बाइक रैली निकालकर अपने नायक को सलामी दी। सेना की टुकड़ी ने 'गार्ड ऑफ ऑनर' प्रदान किया और हवा में गोलियां दागकर अपने साथी को अंतिम विदाई दी। इस भावुक क्षण में इंद्रजीत के पिता और भाई की आंखों में आंसू तो थे, लेकिन सिर गर्व से ऊंचा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चीखते हुए सातवीं मंजिल से नीचे गिरी राजस्व अधिकारी की पत्नी, सुसाइड की आशंका
ये भी पढ़ें:8 घंटे में 3 एनकाउंटर: UP के इस जिले में पुलिस-बदमाशों के बीच तड़तड़ाईं गोलियां

नेताओं और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम संस्कार के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला और कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। न्यायिक मजिस्ट्रेट जनार्दन प्रसाद, नायब तहसीलदार वसुंधरा त्रिपाठी सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवान को नमन किया। राज्यमंत्री सुरेश राही ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इंद्रजीत ने बहुत छोटी उम्र में देश सेवा का जो संकल्प पूरा किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।