Two bulbs and a fan bill of 7000 in 20 days connection cut smart meter becomes a problem in Aligarh दो बल्ब और पंखा, 20 दिन में बिल आया 7 हजार, कनेक्शन भी कटा; अलीगढ़ में स्मार्ट मीटर बना मुसीबत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

दो बल्ब और पंखा, 20 दिन में बिल आया 7 हजार, कनेक्शन भी कटा; अलीगढ़ में स्मार्ट मीटर बना मुसीबत

अलीगढ़ के गोल मार्केट के एक दुकानदार ने बताया कि 20 दिन में सात हजार रुपये का बिल थमा दिया गया, जबकि उसकी दुकान में केवल दो बल्ब और एक पंखा ही चलता है। चेक मीटर लगाने के 10 दिन बाद ही एक उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया, लोड भी दोगुना कर दिया गया। 

Fri, 17 April 2026 12:52 PMsandeep हिन्दुस्तान, वरिष्ठ संवाददाता, अलीगढ़
share
दो बल्ब और पंखा, 20 दिन में बिल आया 7 हजार, कनेक्शन भी कटा; अलीगढ़ में स्मार्ट मीटर बना मुसीबत

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की मुश्किल हर रोज बढ़ा रहे हैं। अलीगढ़ शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार अधिक बिजली बिल और तकनीकी गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। गोल मार्केट के एक दुकानदार को मात्र 20 दिन में सात हजार रुपये का बिल थमा दिया गया, जबकि उसकी दुकान में केवल दो बल्ब और एक पंखा ही चलता है। चेक मीटर लगाने के 10 दिन बाद ही एक उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया, लोड भी दोगुना कर दिया गया। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले जहां सामान्य मीटर से उनका बिल 800 से 900 रुपये के बीच आता था, वहीं स्मार्ट मीटर लगने के बाद अचानक कई गुना वृद्धि हो गई है।

2 किलोवाट से 4 किलोवाट कर दिया लोड

इससे छोटे व्यापारियों और आम लोगों की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ रहा है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि बिना जानकारी के उनके बिजली कनेक्शन का लोड भी बढ़ा दिया गया, जिससे बिल और अधिक बढ़ गया। सिद्धार्थ नगर के एक अन्य उपभोक्ता ने बताया कि उनका लोड दो किलोवाट से सीधे चार किलोवाट कर दिया गया, जिससे उनका बिल तीन गुना तक बढ़ गया। शिकायत करने पर विभाग द्वारा चेक मीटर लगाया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। 10 दिन बाद बिजली आपूर्ति ही काट दी गई। लाल डिग्गी स्थित बिजली विभाग कार्यालय में बुधवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे और पोस्टपेड मीटर लगाने की मांग की।

स्मार्ट मीटर के विरुद्ध खोला मोर्चा

स्मार्ट मीटर के विरोध में किसानों के अलावा शहरी उपभोक्ताओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। वार्ड संख्या 20 के पक्की सराय की महिला मंडल ने गुरुवार को सुबह 11 बजे सासनीगेट बिजली घर पर विरोध-प्रदर्शन की घोषणा की है। वहीं, 26 अप्रैल को लाल डिग्गी कार्यालय पर बिजली उपभोक्ताओं का साझा मंच के तत्वावधान में जनसभा होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जबरिया प्रीपेड मीटर लगाए जाने पर आयोग सख्त, पावर कारपोरेशन से जवाब मांगा
ये भी पढ़ें:स्मार्ट प्रीपेड मीटर बना बवाल, विरोध तेज, लखनऊ में 8000 से ज्यादा की बत्ती गुल

12 हजार स्मार्ट मीटर कनेक्शन काटे

नेगेटिव बैलेंस पर बिजली विभाग ने 12 हजार स्मार्ट मीटर के कनेक्शन काट दिए। शाम तक करीब 11 हजार उपभोक्ताओं ने बकाया भुगतान कर बिजली आपूर्ति बहाल करा ली। मुख्य अभियंता अरविंद नायक ने बताया कि शेष उपभोक्ताओं से जल्द ही भुगतान करने की अपील की गई है। वहीं अधीक्षण अभियंता अंशुमान यादव ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां कंपनी की ओर से भी काउंटर है। शिकायतों का निस्तारण करने टीमें मौके पर जाती हैं। बिल, लोड संबंधी शिकायतों पर जांच की जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर रोक का नहीं है कोई आदेश, गलत बिल सुधारेंगे; PVVNLका दावा

26 अप्रैल को लाल डिग्गी पर होगी विशाल जनसभा

स्मार्ट मीटर के विरोध में 26 अप्रैल को सुबह दस बजे से विशाल जनसभा का आयोजन होने जा रहा है। बिजली उपभोक्ताओं का साझा मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं का हर वर्ग किसान, मजदूर, कर्मचारी, छोटे व्यापारी और यहां तक कि उद्योगपति भी स्मार्ट मीटर की मार झेल रहा है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।