तुम्हारी गुंडई...घुसेड़ दूंगा, पुलिस की नौकरी भूल जाओगे; ARM के बिगड़े बोल, अभ्यर्थियों को धमकाया
उरई में परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों और एआरएम के बीच बस अड्डे पर किराए को लेकर हंगामा हो गया। तीखी नोकझोंक के बीच एआरएम के बोल बिगड़ गए। उन्होंने परीक्षार्थियों को धमकाते हुए कहा कि यहां गुंडागर्दी मत करना। पुलिस भर्ती और तुम्हारी गुंडई सब घुसेड़ दूंगा।

UP News: यूपी में पुलिस भर्ती की परीक्षा चल रही है। ऐसे में भारी संख्या में अभ्यर्थी एग्जाम देने दूसरे शहर जा रहे हैं। इसी क्रम में उरई में परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों और एआरएम के बीच बस अड्डे पर किराए को लेकर हंगामा हो गया। तीखी नोकझोंक के बीच एआरएम के बोल बिगड़ गए। उन्होंने पुलिस भर्ती के परीक्षार्थियों की भीड़ को धमकाते हुए कहा कि यहां गुंडागर्दी मत करना। पुलिस भर्ती और तुम्हारी गुंडई सब घुसेड़ दूंगा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वहीं, डीएम ने पूरे मामले की जांच सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ को सौंपते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को अभ्यर्थियों का हुजूम बस अड्डे पर उमड़ा तो बसों में सीटों को मारामारी मच गई। एक बस महोबा जाने के लिए निकली। रिनियां क्षेत्र में पहुंचते ही अभ्यर्थियों ने सीट मिलने पर ही किराया देने की बात कही। सीट नहीं तो किराया नहीं की बात कहते हुए हंगामा करने लगे। इस पर चालक बस को वापस बस अड्डे पर लेकर आ गया। अभ्यर्थियों के हंगामा करने पर एआरएम केके आर्य भी पहुंच गए। अभ्यर्थियों और एआरएम के बीच कहासुनी होने लगी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एआरएम अभद्र भाषा का प्रयोग करते दिख रहे हैं।
इस मामले में एआरएम केके यार्य ने बताया कि परीक्षार्थियों को गंतव्य तक भेजने के लिए बस की व्यवस्था की गई थी। उरई से एक बस को रवाना किया गया पर रास्ते में चालक-परिचालक ने फोन कर परीक्षार्थियों द्वारा कोई किराया न देने की बात बताई। इसी को लेकर परीक्षार्थियों को समझाया जा रहा था। वहीं, डीएम जालौन राजेश कुमार पांडेय का कहना है कि परीक्षार्थियों के साथ एआरएम द्वारा आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। इसकी जांच सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी को सौंपी गई है। रिपोर्ट दर्ज कराने और शासन को भी कार्रवाई के लिए पत्र भेज रहे हैं।
एसी बोगियों में घुसे परीक्षार्थी, चली स्पेशल ट्रेन
उधर, पुलिस सिपाही भर्ती के अभ्यर्थियों की भीड़ दूसरे दिन भी ट्रेनों और बसों में उमड़ी। परीक्षा देकर मंगलवार शाम घर लौटने वाले अभ्यर्थी कई ट्रेनों की एसी बोगियों में घुस गए। परेशान यात्रियों ने फोटो-वीडियो बनाकर एक्स पर शिकायत की। प्रयागराज जंक्शन पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ थी। दोपहर में लम्बी दूरी की स्पेशल ट्रेनें चलने से बनारस और कानपुर रूट के अभ्यर्थियों को राहत मिली। शाम छह बजे के बाद अचानक भीड़ बढ़ गई। कानपुर जाने वाली इंटरसिटी से सैकड़ों अभ्यर्थियों को रवाना किया गया। मंगलवार को बांदा और चित्रकूट जाने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ ज्यादा होने पर ऑन डिमांड स्पेशल ट्रेन चलाई गई। अभ्यर्थियों की भीड़ एकत्र होने पर आरपीएफ ने कतार लगवाकर ट्रेनों में चढ़ाया गया। वहीं अन्य ट्रेनों की एसी बोगियों में घुसने पर यात्रियों ने हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत की।
दूसरी ओर बसों में भी अभ्यर्थियों की भीड़ कम नहीं थी। मंगलवार को जौनपुर, प्रतापगढ़, बनारस, बांदा और चित्रकूट रूट की बसें अभ्यर्थियों से भर गईं। आरएम रविंद्र सिंह ने बताया कि बसों के फेरे बढ़ा दिए गए थे, लेकिन अतिरिक्त बसें चलाने की जरूरत नहीं पड़ी।




साइन इन