सिपाही भर्ती परीक्षा में चूक, अंडरवियर में मोबाइल छिपाकर पहुंचा अभ्यर्थी; 2 दारोगा सस्पेंड, 6 लाइनहाजिर
गोरखपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था की चूक सामने आई है। जहां एक अभ्यर्थी मोबाइल फोन को अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा कक्ष तक पहुंच गया। पुलिसकर्मियों की लापरहावी सामने आने के बाद दो दरोगा को निलंबित कर दिया गया। जबकि छह सिपाही को लाइनहाजिर कर दिया गया।

UP Constable Exam: यूपी के गोरखपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा में सुरक्षा व्यवस्था की चूक सामने आने के बाद दो दरोगा को निलंबित कर दिया गया। जबकि छह सिपाही को लाइनहाजिर कर दिया गया। दरअसल, जांच के बाद भी एक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी मोबाइल फोन को अंडरवियर में छिपाकर परीक्षा कक्ष तक पहुंच गया। मामले की जांच में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की गई। उधर, गिरफ्तार अभ्यर्थी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया।
मामले में ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक अंकित कुमार और चंद्रेश्वर यादव को निलंबित कर दिया गया है। वहीं छह सिपाहियों सरोज सोनू, मंगेश कुमार, प्रतीक वर्मा, जितेंद्र कुमार,अनुज यादव, सौरभ मौर्या को लाइनहाजिर करते हुए एसपी नार्थ की अगुवाई में विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। घटना रविवार को शहर के नीना थापा स्कूल परीक्षा केंद्र की है। बिहार के नालंदा जिले के अस्थावा थाना क्षेत्र के बेलवरिया निवासी रामप्रकाश चौहान सिपाही भर्ती परीक्षा देने आया था। केंद्र के प्रवेश द्वार पर जांच के बावजूद वह मोबाइल फोन छिपाकर अंदर पहुंचने में सफल रहा। परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो कक्ष निरीक्षकों ने जांच कराई। तलाशी में उसके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ। केंद्र प्रशासन ने तत्काल उसे परीक्षा से निष्कासित कर पुलिस को सूचना दी।
एम्स थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर सार्वजनिक परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि परीक्षा की शुचिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मामले की जांच एसपी नार्थ को सौंपी गई है। विभागीय जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
गोरखपुर में 10230 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को जिले के 44 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दो पालियों में आयोजित परीक्षा में कुल 38,928 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 28,698 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 10,230 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दोनों पालियों को मिलाकर अनुपस्थिति का प्रतिशत करीब 26.3 रहा, जबकि उपस्थिति लगभग 73.7 प्रतिशत दर्ज की गई।
पहली पाली में 19,464 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 5,148 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। वहीं, दूसरी पाली में 19,464 अभ्यर्थियों में से 5,082 अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में मिलाकर 28,698 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की रेटीना स्कैनिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन कराया गया। निर्धारित समय से पहले ही केंद्रों पर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गई थीं। पहचान पत्र और प्रवेश पत्र की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने दिनभर विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।




साइन इन