बिना टिकट कार्रवाई का डर दिखाकर लड़की को AC फर्स्ट केबिन में ले गया TTE, चलती ट्रेन में रेप
मऊ की रहने वाली 22 वर्षीय लड़की गोरखपुर में किराये के कमरे में रहती है। वह गोरखपुर आने के लिए पांच बजे ट्रेन में रवार हुई थी। हड़बड़ी में वह टिकट नहीं ले पाई। आरोप है कि TTE ने बिना टिकट कार्रवाई का डर दिखाकर पहले उसे सीट दिलाने का भरोसा दिया और फिर एसी प्रथम श्रेणी कोच के केबिन में ले गया।

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में बिना टिकट कार्रवाई का डर दिखाकर एक टीटीई लड़की को एसी फर्स्ट के केबिन में ले गया। आरोप है कि उसने चलती ट्रेन में केबिन के अंदर लड़की के साथ रेप किया। इस आरोप में रेलवे प्रशासन ने आरोपी टीटीई को सस्पेंड कर दिया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए गोरखपुर और देवरिया की जीआरपी टीमों को लगाया गया है। अभी तक पकड़ में नहीं आए टीटीई के खिलाफ इनाम घोषित करने की तैयारी भी की जा रही है। आरोपी मूल रूप से बिहार के पटना का रहने वाला बताया जा रहा है और घटना के बाद से फरार है।
जानकारी के मुताबिक, मऊ की रहने वाली 22 वर्षीय युवती गोरखपुर में किराये के कमरे में रहती है। रविवार को वह गोरखपुर आने के लिए पांच बजे के करीब ट्रेन में रवार हुई थी। वह एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट की परीक्षा देकर लौट रही थी। स्टेशन पर हड़बड़ी में टिकट न ले पाने के कारण वह ट्रेन में सवार हो गई। आरोप है कि टीटीई ने बिना टिकट की कार्रवाई का डर दिखाते हुए पहले सीट दिलाने का भरोसा दिया और फिर एसी प्रथम श्रेणी कोच के केबिन में ले जाकर दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने कार्रवाई की धमकी दी। टीटीई के चंगुल से छूटकर लड़की किसी तरह केबिन से बाहर निकली। केबिन से बाहर आकर उसने डॉयल 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके बाद आरोपी टीटीई देवरिया में ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। घटना का संज्ञान लेते हुए रेलवे प्रशासन ने आरोपित टीटीई को निलंबित कर दिया है। जीआरपी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें पटना और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कर्तव्य का निर्वहन न करने की धारा भी लगी
पुलिस ने दुष्कर्म के अलावा अपने कर्तव्य का निर्वहन करने की जगह दुरुपयोग करने की धारा को भी लगाया गया है। यह सरकारी जिम्मेदारों पर लगाया जाता है। इसमें पांच वर्ष से अधिक की सजा होती है।
क्या बोली पुलिस
जीआरपी के एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद ही जीआरपी गोरखपुर में केस दर्ज कर लिया गया। घटना देवरिया के पास हुई है, इस वजह से केस को ट्रांसफर कर दिया गया है। आरोपी की तलाश में छापेमारी चल रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़ित का मेडिकल और बयान देवरिया में होगा। परिवार के लोग भी पहुंच गए हैं।




साइन इन