Truck driver jumps on moving bike, mother travelling with son dies, accident on GT Road in Varanasi चलती बाइक पर कूदा ट्रक चालक, बेटे के साथ जा रही मां की मौत, वाराणसी में जीटी रोड पर हादसा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

चलती बाइक पर कूदा ट्रक चालक, बेटे के साथ जा रही मां की मौत, वाराणसी में जीटी रोड पर हादसा

वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो बेटों के सिर से मां का साया भी छीन लिया। एक ट्रक चालक की लापरवाही और सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़े वाहन के कारण हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Thu, 12 Feb 2026 08:12 AMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
चलती बाइक पर कूदा ट्रक चालक, बेटे के साथ जा रही मां की मौत, वाराणसी में जीटी रोड पर हादसा

वाराणसी में रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहन सराय चौकी अंतर्गत जीटी रोड पर जगतपुर मोड़ पर एक बेहद अजीबोगरीब और दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय महिला शकुंतला देवी की जान चली गई। शनिवार सुबह हुई इस घटना ने एक बार फिर सर्विस रोड पर खड़े होने वाले ट्रकों और चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रक से अचानक कूदने से बेटे के साथ बाइक से जा रही महिला की मौत हो गई।

बताया जाता है कि शकुंतला देवी अपने बेटे राहुल पटेल के साथ शनिवार सुबह बाइक पर सवार होकर शाहावाबाद स्थित एक ब्रेड कंपनी में काम करने जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक जगतपुर मोड़ के पास सर्विस रोड पर पहुँची, वहां पहले से ही एक ट्रक खड़ा था। तभी अचानक ट्रक चालक ने बिना देखे अपना दरवाजा खोला और सीधे बाइक की दिशा में नीचे कूद गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुजफ्फरनगर में 50000 का इनामी अमजद ढेर, ताबड़तोड़ फायरिंग में दरोगा-सिपाही घायल

चालक के अचानक बाइक पर गिरने (कूदने) से राहुल का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सवार मां-बेटा सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान शकुंतला देवी का सिर सड़क के किनारे लगे पत्थर या ट्रक के हिस्से से टकरा गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बहने लगा।

72 घंटे तक जिंदगी और मौत की जंग

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल महिला को रोहनिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल बीएचयू (BHU) स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन चोट इतनी गहरी थी कि 72 घंटों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद शकुंतला देवी ने दम तोड़ दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुख्तार अंसारी के बेटों अब्बास और उमर को हाईकोर्ट से राहत, केस के ट्रायल पर रोक

बेटों के सिर से उठा माता-पिता का साया

शकुंतला देवी की मौत के बाद उनके घर में कोहराम मचा हुआ है। छोटा बेटा रंजीत अपनी मां को याद कर बिलख रहा है। उसने बताया कि कुछ साल पहले पिता राजेश पटेल की लंबी बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पिता के जाने के बाद मां ही घर का सहारा थीं और मेहनत-मजदूरी कर दोनों भाइयों का पालन-पोषण कर रही थीं। अब मां के जाने के बाद दोनों बेटों के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:रील बनाने के लिए बच्चे का ‘अपहरण’, फिरौती के लिए किशोरों की कॉल से मचा हड़कंप

पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर रोहनिया पुलिस ने संबंधित ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक और बाइक दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

जगतपुर के स्थानीय निवासियों ने रोष जताते हुए कहा कि सर्विस रोड पर ट्रकों के खड़े होने से आए दिन छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इस बार एक मां को अपनी जान गंवानी पड़ी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।