जर्जर स्कूल बस की टूटी फर्श से गिरकर मासूम की मौत के बाद ऐक्शन में परिवहन मंत्री, RTO समेत दो सस्पेंड
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सीएम योगी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं। यह निर्देश भी दिया गया है कि सभी क्षेत्रीय अधिकारी अपने-अपने जिलों में भ्रमण पर रहें। साथ ही मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित करते हुए चक्रानुक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

UP News: कासगंज के माउण्ट देवा इंटरनेशनल स्कूल की जर्जर बस में हुए बड़े से छेद से गिरकर एक मासूम की मौत के बाद प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह (Dayashankar Singh) ऐक्शन में आ गए हैं। उनके आदेश पर शासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ के तत्कालीन संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) चम्पालाल और अलीगढ़ की वर्तमान संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया गया है। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव अर्चना अग्रवाल द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। सस्पेंड किए गए चम्पालाल वर्तमान में प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सहायक परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) के पद पर तैनात थे। दो बड़े अधिकारियों को सस्पेंड करने के साथ ही कई अधिकारियों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मामले में हुई कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए यूपी की परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने बताया कि 28 फरवरी, 2026 को अलीगढ़ जिले की सीमा से सटे कासगंज के ग्राम-नगला साधु में स्कूल बस संख्या- यूपी-81 बीटी-8873 का फर्श टूटने से एक बच्ची की सड़क पर गिरने और टायर चढ़ जाने के कारण दुःखद मृत्यु हो गयी थी। उक्त बस अलीगढ़ दादो अवस्थित माउण्ट देवा इण्टरनेशनल स्कूल में संचालित हो रही थी, जिसके बीमा और परमिट की वैधता खत्म हो चुकी थी।
उक्त दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र), आगरा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), अलीगढ़, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन), अलीगढ़, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन), कासगंज, यात्रीकर अधिकारी, अलीगढ़ को तीन कार्य दिवस में स्पष्टीकरण देने के लिए निर्देशित किया गया था। उक्त प्रकरण में चम्पालाल तत्कालीन सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) अलीगढ़, सम्प्रति सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सिद्धार्थनगर को शासकीय कार्यों में उदासीनता और शिथिलता के दृष्टिगत निलम्बित किया गया है। इसके अलावा श्रीमती बन्दना सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), अलीगढ़ को शासकीय कार्यों में शिथिलता और पर्यवेक्षणीय दायित्वों का निर्वहन न करने के चलते निलम्बित किया गया है। साथ ही साथ स्कूल प्रबन्धन के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देश हैं। यह भी निर्देश है कि सभी क्षेत्रीय अधिकारी अपने-अपने जनपदों में त्योहार के दृष्टिगत लगातार भ्रमण पर रहें। साथ ही साथ मुख्यालय पर सड़क दुर्घटनाओं की त्वरित सूचना प्राप्त करने और आम जनमानस के सुगम परिवहन के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करते हुए चक्रानुक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।




साइन इन