कपड़े धोने में व्यस्त थी मां, तालाब में नहाने गए मासूम गहराई में डूबे; तीन की मौत
हमीरपुर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां मां के साथ तालाब गए दो सगे भाइयों और उनकी बहन की डूबने से मौत हो गई। दरअसल, मां तालाब किनारे कपड़े धोने में व्यस्त थी, जबकि तीनों मासूम नहाने के लिए पानी में उतर गए। गहराई का अंदाजा न लगने पर तीनों डूब गए।

UP News: यूपी के हमीरपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां बिवांर थाना क्षेत्र के छानी खुर्द गांव के तीन मढ़ी तालाब में दो भाई और एक बहन की डूबने से मौत हो गई। दरअसल, तीनों बच्चे मां के साथ तालाब गए हुए थे। मां तालाब किनारे बैठकर कपड़े धोने लगी, तभी तीनों मासूम बच्चे नहाने के लिए तालाब में उतर गए। बच्चों के शव जब पानी में उतराने लगे तब मां को घटना की जानकारी हुई। तीनों बच्चों को तालाब से निकालकर छानी सीएचसी ले जाया गया, जहां चेकअप के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया गया।
छानी खुर्द गांव गांव निवासी रमेश श्रीवास की पत्नी पार्वती गुरुवार की सुबह अपने तीन बच्चों 10 वर्षीय शिवेंद्र, सात वर्षीय रुद्रांश और पांच वर्षीय मांडवी को साथ लेकर गांव के तीन मढ़ी तालाब गई हुई थी। पार्वती तालाब किनारे कपड़े धोने बैठ गई, तभी तीनों बच्चे अन्य बच्चों को देखकर तालाब में नहाने उतर गए। नहाते समय अधिक गहराई में जाने से तीनों बच्चे डूब गए। मां को बच्चों के डूबने का पता तक नहीं चला। कुछ देर बाद बच्चों के शव पानी में उतराने लगे तब मां को उनके डूबने का पता चला। आनन फानन में तीनों बच्चों को तालाब से निकालकर छानी सीएचसी लाया गया, जहां चेकअप के बाद डॉक्टर ने सभी बच्चों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
प्रयागराज में नहाने गए पांच युवक यमुना में डूबे
इससे पहले में प्रयागराज जिले के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित फुलवा गांव में बुधवार को यमुना नदी में नहाने के दौरान पांच युवक डूब गए। स्थानीय लोगों और नाविकों की तत्परता से चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक युवक की डूबने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए पांच युवक बुधवार सुबह यमुना नदी में स्नान करने गए थे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए, जिससे सभी डूबने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने युवकों को डूबता देख तुरंत शोर मचाया और स्थानीय नाविकों को सूचना दी। इसके बाद नाविकों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगाकर बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद चार युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, एक युवक को नहीं बचाया जा सका और उसकी डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




साइन इन