Akhilesh jibe at collapse of under construction bridge in Hamirpur attack on bjp government हवा में टूट जा रहे पुल, ट्रैफिक चलेगा तो क्या होगा? हमीरपुर में निर्माणाधीन ब्रिज ढहने पर अखिलेश का तंज, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

हवा में टूट जा रहे पुल, ट्रैफिक चलेगा तो क्या होगा? हमीरपुर में निर्माणाधीन ब्रिज ढहने पर अखिलेश का तंज

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हमीरपुर पुल हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि खराब निर्माण कार्यों से पुल और सरकारी ढांचे लगातार गिर रहे हैं।

Fri, 29 May 2026 02:49 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
हवा में टूट जा रहे पुल, ट्रैफिक चलेगा तो क्या होगा? हमीरपुर में निर्माणाधीन ब्रिज ढहने पर अखिलेश का तंज

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से हुई मजदूरों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और राहत-बचाव कार्य तेजी से चलाया जाना चाहिए। साथ ही मृतकों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कराने और उनके परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। अखिलेश यादव ने इस हादसे को लेकर भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में होने वाले निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं। उनका कहना है कि हर काम में भारी कमीशनखोरी के कारण पुल, पानी की टंकियां और सरकारी भवनों जैसी परियोजनाएं कमजोर गुणवत्ता की बन रही हैं।

हमीरपुर पुल हादसे पर अखिलेश ने भाजरपा सरकार को घेरा

सपा प्रमुख ने कहा कि कभी पुल गिर रहा है, कभी पानी की टंकी और कभी रेलवे स्टेशन की दीवारें टूट रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जो पुल तेज हवा और बारिश में टूट रहे हैं, उन पर भारी ट्रैफिक चलने पर क्या स्थिति होगी। अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसी घटनाएं लोगों में डर और असुरक्षा पैदा कर रही हैं। आपको बता दें हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब शुक्रवार देर रात अचानक गिर गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर मलबे में दब गए थे।

स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) ने करीब साढ़े सात घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में फंसे तीन मजदूरों को बाहर निकाला। यह हादसा ललपुरा क्षेत्र में रात करीब 3 बजे हुआ। उस समय तेज आंधी और बारिश चल रही थी। मौसम विभाग के अनुसार, इलाके में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चली थीं। बताया जा रहा है कि स्लैब गिरने के समय कई मजदूर उसके नीचे सो रहे थे, जिससे वे मलबे में दब गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हमीरपुर हादसे में मारे गए लोगों को 5-5 लाख, घायलों को 50-50 हजार, योगी का ऐलान
ये भी पढ़ें:बकरीद है, आज इसे हलाल करते हैं; गाजियाबाद में हिंदू युवक की हत्या से तनाव

90 करोड़ की लागत से बन रहा पुल

यह पुल उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की ओर से बनवाया जा रहा था। करीब 90 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे इस दो लेन पुल की लंबाई लगभग 700 मीटर है। पुल मोराकांड और कुरारा गांव को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। इसका निर्माण कार्य मार्च 2024 में शुरू हुआ था और दिसंबर 2026 तक इसे पूरा किया जाना था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद देने के निर्देश दिए गए हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पीड़ा, दमन और अपमान…महिला नेता की पिटाई पर BJP ने अखिलेश के PDA को नया नाम दिया
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।