लखनऊ में एलडीए प्लाट लेने का इंतजार कर रहे लोग जानें, कल से इस योजना में खुलेगा रजिस्ट्रेशन
लखनऊ में एलडीए प्लाट लेने का इंतजार कर रहे लोगाें के लिए अच्छी खबर है।अनंतनगर योजना में 20 दिसम्बर, 2025 से 12 जनवरी, 2026 तक भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा।

लखनऊ में आवासीय भूखण्डों का इंतजार कर रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण एक बार फिर अपनी अनंत नगर योजना में 637 भूखण्डों का पंजीकरण खोलने जा रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शुक्रवार को इस बाबत आदेश जारी कर दिये हैं। जिसके तहत 20 दिसम्बर, 2025 से 12 जनवरी, 2026 तक भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा।
इसमें आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। उपाध्यक्ष ने बताया कि मोहान रोड पर 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में लगभग डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछायी जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, लगभग 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जोकि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।
आकाश खण्ड एवं आदर्श खण्ड में हैं भूखण्ड
अनंत नगर योजना में पहले 02 चरणों में 666 भूखण्डों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है। जिसमें 22 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण धनराशि जमा कराके प्रतिभाग किया था। इस बार आकाश खण्ड के 617 और आदर्श खण्ड के 20 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। उपाध्यक्ष ने बताया कि 20 दिसम्बर, 2025 से पोर्टल लाइव हो जाएगा और लोग 12 जनवरी, 2026 तक भूखण्डों के लिए पंजीकरण करा सकेंगे।
भूखण्डों के लिए ऐसे करें पंजीकरण
इसमें आवेदन करने के लिए लोगों को एलडीए की वेबसाइट https://registration.ldalucknow.in/#/login पर लॉगइन करके पंजीकरण पुस्तिका खरीदनी होगी। जिसके बाद भूखण्ड के अनुमानित मूल्य की 05 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि जमा कराके रजिस्ट्रेशन कराना होगा। सफलतापूर्वक पंजीकरण कराने वाले आवेदकों के मध्य भूखण्डों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
05 श्रेणी के हैं भूखण्ड
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि तृतीय चरण में कुल 637 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। इसमें 450 वर्गमीटर के 41, 288 वर्गमीटर के 224, 200 वर्गमीटर के 225, 162 वर्गमीटर के 90 और 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 57 भूखण्ड शामिल हैं।
41150 रुपए प्रति वर्गमीटर में मिलेगा प्लाट
एलडीए ने इस योजना में भूखण्ड का रेट 41150 रुपए प्रति वर्गमीटर निर्धारित किया है। इसके अलावा 12 प्रतिशत फ्रीहोल्ड अतिरिक्त जमा करना होगा। 90 वर्गमीटर के भूखण्ड की कीमत 37,03,500 रुपए होगी। जबकि 200 वर्गमीटर के भूखण्ड की कीमत 82 लाख 30 हजार रुपए होगी।
अनंत नगर योजना की विशेषताएं
- उत्कृष्ट सडकों का नेटवर्क
- 130 एकड़ में ग्रीन स्पेस
- स्वच्छ जल आपूर्ति
- भूमिगत लाइनों से निर्बाध विद्युत आपूर्ति
- ईवी चार्जिंग स्टेशन
- सामुदायिक केन्द्र
- सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट
- जीरो लिक्विड डिस्चार्ज




साइन इन