एलडीए वीसी को लेकर जा रही लिफ्ट गिरी, सातवीं मंजिल से आई नीचे; कई बड़े अफसर थे सवार
लखनऊ के वीवीआईपी इलाके सीजी सिटी में एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को लेर जा रही लिफ्ट सातवीं मंजिल से गिर गई।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सीजी सिटी में निर्माणाधीन 'सीएसआई टावर्स' एक भयावह हादसे का गवाह बनने से बच गया। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार और उनके साथ मौजूद कई वरिष्ठ अभियंता एक बड़ी लिफ्ट दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। सातवीं मंजिल से अचानक नीचे गिरी लिफ्ट ने कुछ सेकंड के लिए अधिकारियों की सांसें अटका दीं।
जानकारी के मुताबिक, एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार अपनी टीम के साथ सीएसआई टावर्स के 'बी' ब्लॉक का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उपाध्यक्ष के साथ मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवीन कुमार शर्मा और कई अन्य वरिष्ठ इंजीनियर 14वीं मंजिल पर चल रहे कार्यों का जायजा लेने के लिए लिफ्ट में सवार हुए।
लिफ्ट जैसे ही सातवीं मंजिल के करीब पहुंची, उसमें तकनीकी खराबी आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट ने जोरदार झटका लिया और फ्री-फॉल की स्थिति में सीधे धरातल (ग्राउंड फ्लोर) पर आकर गिरी। गनीमत यह रही कि लिफ्ट के सेफ्टी ब्रेक और नीचे लगे स्प्रिंग बफर ने प्रभाव को कुछ कम कर दिया। इससे लिफ्ट में सवार किसी भी अधिकारी को गंभीर चोट नहीं आई।
अंदर फंसे रहे अधिकारी, मची अफरातफरी
धरातल पर गिरने के बाद लिफ्ट का दरवाजा लॉक हो गया। इससे उपाध्यक्ष समेत सभी इंजीनियर अंदर ही फंस गए। अचानक हुई इस घटना से टावर परिसर में अफरातफरी मच गई। नीचे मौजूद कर्मचारी और अन्य इंजीनियर तुरंत मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत और आपातकालीन तकनीकों का इस्तेमाल कर लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर निकलने के बाद अधिकारियों के चेहरे पर खौफ साफ देखा जा सकता था।
लापरवाह कंपनी पर सख्त एक्शन
हादसे से नाराज उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मौके पर ही अधिकारियों की क्लास लगाई। उन्होंने लिफ्ट लगाने वाली ओटिस कंपनी की एजेंसी मेसर्स असलम आगा एंड कंपनी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों के साथ कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही, वीसी ने आंतरिक अनुशासन भी सख्त किया। उन्होंने जोन-1 के अधिशासी अभियंता मनीष कुलश्रेष्ठ पर कड़ी नाराजगी जताई और विद्युत यांत्रिक ईई मनोज सागर को सीएसआई टावर्स के साथ-साथ निर्माणाधीन संस्कृति स्कूल की जिम्मेदारी सौंप दी।
पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस भी सक्रिय हो गई। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि एलडीए की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस अब इस बात की तकनीकी जांच कर रही है कि इतनी हाई-टेक लिफ्ट अचानक सातवीं मंजिल से कैसे गिर गई। क्या यह मानवीय लापरवाही थी या मशीनी खराबी, इसकी पुष्टि के लिए विशेषज्ञों की राय ली जा रही है।




साइन इन