पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी की फोटो की पोस्ट, शामली के युवक को पुलिस ने पकड़ा
शामली में फेसबुक पर पाकिस्तानी गैंगस्टर और आतंकी शहजाद भट्टी की फोटो वायरल होने पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने बसेड़ा गांव के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है और मामले की जांच जारी है।

शामली में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक पोस्ट के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। एक फेसबुक आईडी से पाकिस्तानी गैंगस्टर और आतंकी शहजाद भट्टी तथा एक अन्य युवक की हथियारों के साथ तस्वीर पोस्ट किए जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।जिसमें फोटो एआई जनरेटिड आयी है। पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ‘मुशारिक’ नाम की फेसबुक आईडी से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी की हथियार के साथ फोटो पोस्ट की गई थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट
सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई। इसके बाद एक्स (पूर्व ट्विटर) पर स्क्रीनशॉट साझा कर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि पोस्ट करने वाला युवक कैराना थाना क्षेत्र के बसेड़ा गांव का निवासी है और उसके पाकिस्तान के आतंकियों से संबंध हो सकते हैं। सहारनपुर जिले के गंगोह निवासी रोहित प्रधान ने भी इस मामले में सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने क्षेत्राधिकारी कैराना, अपराध शाखा, स्थानीय पुलिस और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया। पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पोस्ट करने का मकसद क्या था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी युवक से पूछताछ कर उसके सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल डेटा और संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी भी जानकारी को बिना पुष्टि के साझा न करें और अफवाहों से बचें। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कौन है शहजाद भट्टी?
शहजाद भट्टी को पाकिस्तान का कुख्यात गैंगस्टर और आतंकी माना जाता है। भारतीय जांच एजेंसियों के अनुसार उसका नाम कई अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है और कथित तौर पर उसका संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से भी बताया जाता है। वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को प्रभावित करने और अवैध गतिविधियों में शामिल करने की कोशिशों के कारण भी चर्चा में रहा है। हाल ही में भारतीय गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई के साथ उसकी दुश्मनी को लेकर भी उसका नाम सुर्खियों में आया था।
सीएम नीतीश को दी थी धमकी
हाल में बिहार में बुर्का विवाद के बीच भी शहजाद भट्टी चर्चा में था। जब उसने वीडियो जारी कर बिहार के सीएम नीतीश कुमार को धमकी दी थी। भट्टी ने अपने बयान में मुख्यमंत्री से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की बात कही थी और चेतावनी भरे अंदाज में कहा था कि बाद में यह न कहा जाए कि पहले चेतावनी नहीं दी गई थी। दरअसल, 15 दिसंबर को बिहार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। उसी दौरान एक महिला हिजाब पहनकर मंच पर पहुंची थी। वायरल वीडियो के अनुसार मुख्यमंत्री ने महिला से हिजाब के बारे में पूछा था और उसे हाथ से हटा दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।




साइन इन